भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो-क्रूजर की टक्कर में 3 महिलाओं की मौत, कई घायल

नोहर : भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो-क्रूजर की टक्कर में 3 महिलाओं की मौत, कई घायल
नोहर, 30 मार्च। सोमवार सांय हुई सडक़ दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि घटना में एक दर्जन से अधिक घायल हो गये। आधा दर्जन गंभीर घायलों को हनुमानगढ़ रैफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही उप जिला चिकित्सालय में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां भद्रकाली बाईपास पर सोमवार सांय एक स्कॉर्पियो गाड़ी व क्रूजर गाड़ी की आमने-सामने की टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी जबरदस्त हुई कि दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई व एक महिला ने चिकित्सालय में दम तोड़ दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि तेज धमाका हुआ। टक्कर में दोनों गाडिय़ों के परखच्चे उड़ गये। घटना के बाद सभी घायलों व मृतको को उप जिला चिकित्सालय नोहर लाया गया। जहां आधा दर्जन से अधिक घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हनुमानगढ़ रैफर किया गया। तीनों मृतक महिलाए क्रूजर गाड़ी में सवार थी। बताया जाता है कि क्रूजर गाड़ी में सवार सभी जने हरियाणा के बरढाना गांव में शोक संवेदना प्रकट करके वापस अपने गांव बुधवालिया जा रहे थे। तभी भद्रकाली मार्ग पर सामने से आ रही स्कॉर्पियो गाड़ी से टक्कर हो गई। स्कॉर्पियो गाड़ी जमाल जा रही थी। दोनों गाडिय़ों में सवार लोगों के चोटे आई है। दुर्घटना में राजबाला पत्नी लक्ष्मणराम उम्र 40, रोशनी पत्नी सागर मल उम्र 48, कलावती पत्नी राजेन्द्र उम्र 40 की मौत हो गई। मृतक तीनों महिलाए बुधवालिया गांव की निवासी है। दुर्घटना का शिकार हुई स्कॉर्पियो गाड़ी नई बताई जा रही है। बताया जाता है कि जिस मार्ग पर दुर्घटना हुई वह मार्ग खाली रहता है। इस मार्ग पर इतना यातायात नही है। इसके बावजूद भी दोनों वाहनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक अमित चाचाण, जिला पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र मीणा, एसडीएम राहुल श्रीवास्तव आदि मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। सूचना मिलते ही पूरा चिकित्सालय स्टाफ मौके पर पहुंच गया। दुर्घटना में चार बच्चे भी गंभीर घायल हो गये। जिनकी उम्र 3 से 6 साल की बीच बताई गई है। अधिकत्तर घायल बुधवालिया गांव के निवासी है।