“नोहर नगरपालिका का रिकॉर्ड होगा डिजिटल, बीकानेर संभाग में पहली पहल”
नोहर तेज़। प्रशासनिक नवाचार और जनसुविधा बढ़ाने की दिशा में नोहर नगरपालिका ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। नगरपालिका अपने पुराने दस्तावेजों को सुरक्षित रखने और व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराने के लिए अब रिकॉर्ड को पूरी तरह डिजिटल कर रही है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद जयपुर की एक फर्म ने डिजिटलाइजेशन कार्य शुरू कर दिया है। आने वाले कुछ महीनों में नगरपालिका का समस्त रिकॉर्ड कंप्यूटर सिस्टम में सुरक्षित उपलब्ध होगा। जयपुर की फर्म द्वारा आधुनिक स्कैनर व उपकरणों से प्रत्येक दस्तावेज डिजिटल स्वरूप में संधारित किया जा रहा है। इसके बाद रिकॉर्ड ढूंढने में लगने वाला 2-3 दिन का समय अब कुछ सेकंड में कम हो जाएगा।
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, राजस्व रिकॉर्ड, पुराने नक्शे और अन्य सभी दस्तावेज ईयर-वाइज उपलब्ध होंगे। रिकॉर्ड दो डिजिटल बैकअप के साथ सुरक्षित रहेगा। बीकानेर संभाग के नगर निकायों में अब तक किसी ने इस स्तर का डिजिटलाइजेशन कार्य शुरू नहीं किया था। इस पहल के साथ नोहर नगरपालिका संभाग में अग्रणी निकाय बन रही है। पुराने दस्तावेज ढूंढने में समय की समस्या और उनके खराब होने की स्थिति को देखते हुए डिजिटलाइजेशन जरूरी था। अब हर रिकॉर्ड एक क्लिक में उपलब्ध होगा, जिससे जनसुविधा और कामकाज दोनों तेज होंगे।

