जयपुर में बनेगा नोहर भवन नोहर भवन पर करीब 10 करोड़ रुपए खर्च होंगे

जयपुर में बनेगा नोहर भवन नोहर भवन पर करीब 10 करोड़ रुपए खर्च होंगे 

नोहर जयपुर में भी अब नोहर भवन बनेगा। नोहर नागरिक समिति जयपुर जन सहयोग से इसका निर्माण करवाएगी। जयपुर में नोहर भवन का शिलान्यास 8 मई को सुबह 11.30 बजे होगा। नोहर नागरिक समिति जयपुर के अध्यक्ष श्रवण कुमार शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी होंगी। समारोह में विशिष्ट अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बीडी कल्ला व नोहर विधायक अमित चाचाण होंगे। समारोह की अध्यक्षता भामाशाह ओमनारायण बिहाणी करेंगे। श्रवण कुमार शर्मा ने बताया कि बनने वाले नोहर भवन पर करीब 10 करोड़ रुपए खर्च होंगे। 5 मंजिला यह भवन सभी अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इसमें 50 कमरों के अलावा 2 बड़े हॉल का भी निर्माण करवाया जाएगा। जयपुर के पॉश इलाके विद्यानगर के सेक्टर 4 में बनने वाले उक्त भवन को लेकर नोहर नागरिकों के अलावा प्रवासियों में भी खुशी है।

उधर, समिति के सह सचिव पवन कंदोई ने बताया कि शिलान्यास समारोह की तैयारियां जोर-शोर से जारी है। समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए देश के कोने-कोने में बसे नोहर के प्रवासियों को भी निमंत्रण भेजा गया है। समारोह में नोहर से भी भारी संख्या में लोग भाग लेंगे। नोहर विधायक अमित चाचाण के लगातार प्रयास के चलते गहलोत सरकार में वर्ष 2022 में नोहर भवन के लिए भूमि आरक्षित हुई थी। विधायक अमित चाचाण द्वारा बार-बार मांग करने के बाद राज्य सरकार द्वारा आरक्षित दर से 50 प्रतिशत कम राशि पर भूमि आवंटित की गई थी। समिति द्वारा उक्त भूमि की लागत राज्य सरकार के नियमानुसार करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपए जमा करवाई गई थी, जबकि वर्तमान बाजार मूल्य इस भूमि की कीमत 15-20 करोड़ रुपए हैं।

40 साल बाद सपना हो रहा है साकार जयपुर में रह रहे नोहर के प्रवासियों द्वारा जयपुर में नोहर भवन बनाने का जो सपना 40 साल पहले देखा था। वो अब साकार हो रहा है। भामाशाह ओमनारायण बिहाणी ने बताया कि शुरू से ही जयपुर में नोहर भवन बनाने का उनका जो सपना था वो अब साकार हो रहा है। प्रवासी उद्योगपति देवकीनंदन जाजू, एफसी जैन, पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेन्द्र चाचाण जयपुर में नोहर भवन बनाने के लिए लंबे समय से प्रयासरत थे। अमित चाचाण के विधायक बनने के बाद भवन बनने के सपने को पंख लग गए।