नोहर में लूट व मारपीट की वारदात — चार युवकों ने युवक से 1.20 लाख रुपए छीनकर की पिटाई नोहर| एक युवक के साथ मारपीट रुपए छीनने का मामला सामने आया है। युवक प्रदीप कुमार पुत्र बाबूलाल स्वामी ने रिपाेर्ट दी कि वह वार्ड-39, नेहरू नगर में रहता है। अरड़की बस स्टैंड के पास उसकी कपड़े की दुकान करता है। उसने विजय सैनी, जैन मेडिकल स्टोर से 1 लाख 20 हजार रुपए अपनी दुकान के लिए उधार लिए थे। थोड़ी देर बाद वह मेडिकल स्टोर से अपने घर जाने के लिए मोटरसाइकिल से रवाना हुआ। पंचायत समिति रोड पर पशु अनुसंधान केंद्र के पास पहुंचा, तो वहां उसका जानकार आदित्य बेनीवाल निवासी परलीका, उम्मेद सहारण निवासी गांव देईदास, अनुज तिवाड़ी निवासी नोहर एक अन्य लड़के के साथ गाड़ी लेकर खड़े थे। उन्हाेंने राेका ताे प्रदीप ने उन्हें बताया कि वह जल्दी में है, किसी पार्टी के खाते में पैसे डलवाने हैं। इस पर आदित्य बेनीवाल व उसके साथियों ने कहा कि ई-मित्र या बैंक जाने की क्या जरूरत है। हमें नकद रुपए की जरूरत है। हम तुम्हारी पार्टी के खाते में अाॅनलाइन रुपए डाल देते हैं। उन पर विश्वास कर प्रदीप उनकी गाड़ी में बैठ गया। प्रदीप ने 1.20 हजार रुपए आदित्य को दे दिए। इसके बाद आदित्य ने अपना मोबाइल चलाते हुए कहा कि फोन-पे काम नहीं कर रहा। थोड़ी देर बाद कर दूंगा। इस पर प्रदीप ने कहा कि मुझे अभी पैसे पार्टी को देने हैं। वह पैसे वापस दो। यह सुनकर आदित्य बेनीवाल व उसके तीनों साथी तैश में आ गए। आरोप है कि चारों युवकाें ने मिलकर उसे गंदी गालियां निकालते हुए मारपीट शुरू कर दी। उसे गाड़ी से नीचे गिरा दिया। फिर गाड़ी से लोहे की राॅड लाकर जान से मारने की नीयत से सिर पर वार करने लगे। उसने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। आरोपी उसके 1.20 लाख रुपए लेकर फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।