काली पट्टी बांधकर विरोध-प्रदर्शन किया
नोहर| राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील के प्रांतीय आह्वान पर शिक्षक संघ प्रगतिशील उपशाखा नोहर के बैनर तले शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने अपने कार्यस्थलों पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध स्वरूप क्षेत्र के गांव ब्राह्मण वासी की राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर अपना रोष प्रकट किया।
शिक्षकों ने आरजीएचएस योजना के तहत इलाज व दवाइयों की सुविधा बंद होने, समर्पित अवकाश (पीएल) के भुगतान पर रोक तथा ग्रीष्मावकाश में कटौती जैसे मुद्दों पर गहरी नाराजगी जताई। विरोध के दौरान इन निर्णयों को कर्मचारी विरोधी बताते हुए तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की गई। उपशाखा अध्यक्ष उग्रसेन सहारण ने बताया कि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी 18 मई 2026 को शिक्षा निदेशालय बीकानेर के समक्ष धरना दिया जाएगा। इसके उपरांत भी यदि सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती है तो आंदोलन के अगले चरण की घोषणा की जाएगी।


