नोहर फीडर में दूषित पानी का मामला: सांसद राहुल कस्वां ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, तत्काल हस्तक्षेप की मांग
नोहर। चूरू संसदीय क्षेत्र के नोहर फीडर में हरियाणा क्षेत्र से ड्रेनेज, सेम का पानी एवं औद्योगिक अपशिष्ट छोड़े जाने के मामले को लेकर सांसद राहुल कस्वां ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने इस पूरे मामले को जनस्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय बताया है।
सांसद राहुल कस्वां ने कहा कि अवैध रूप से नोहर फीडर को तोड़कर नाले के माध्यम से रसायनयुक्त पानी छोड़ा जाना हरियाणा सरकार की संवेदनहीनता और राजस्थान सरकार की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र की बड़ी आबादी, पशुधन और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर इंडिया गठबंधन के सहयोगी एवं माकपा नेता मंगेज चौधरी के नेतृत्व में 1 जुलाई 2026 को गांव फेफाना (नोहर) में महापंचायत आयोजित की जा रही है।
राहुल कस्वां ने कहा कि स्वास्थ्य कारणों से वे महापंचायत में शामिल नहीं हो सकेंगे, लेकिन उनका पूरा समर्थन आंदोलन के साथ है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में महापंचायत में पहुंचकर अपने अधिकारों की आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
सांसद ने बताया कि उन्होंने इस गंभीर मामले को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है और इसे केंद्र सरकार के समक्ष भी मजबूती से उठाएंगे। साथ ही राज्य सरकार से मांग की है कि हरियाणा सरकार से तत्काल वार्ता कर अवैध निर्माण कार्य रुकवाया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि रसायनयुक्त एवं प्रदूषित पानी नोहर फीडर में नहीं छोड़ा जाए।

