शिकायत के आधार पर विभिन्न कार्यों की जांच शुरू
नोहर| नगर पालिका में विभिन्न विकास कार्यों में भ्रष्टाचार व अनियमितताओं का मामला राज्य सरकार तक पहुंच गया है। स्वायत्त शासन विभाग जयपुर के सहायक निदेशक सतर्कता विनीत कुमार सुखाडिय़ा द्वारा इस संबंध में स्थानीय निकाय विभाग बीकानेर के उपनिदेशक को जांच के आदेश दिए हैं।
विदित रहे कि कस्बे के वार्ड 34 निवासी फतेह मोहम्मद द्वारा गत दिनों नोहर नगर पालिका में विकास के नाम पर कथित भ्रष्टाचार करने, फर्जी भुगतान उठाने, करोड़ों रुपए से बने डिवाइडरों को तोड़ने को लेकर निविदा जारी कर सरकारी धन का दुरुपयोग करने व प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित रूप से गड़बड़झाला कर अपात्र लोगों को फर्जी इकरारनामा के आधार पर आवास आवंटित करने के मामले की शिकायत स्वायत्त शासन विभाग को भेजी थी। जिसके बाद विभाग द्वारा इस संबंध में जांच के आदेश जारी किए गए हैं। आदेशों में मामले की सात दिन में जांच रिपोर्ट भिजवाने के निर्देश दिए हैं। विदित रहे कि नोहर नगर पालिका में विभिन्न कार्यों में कथित अनियमितताओं की शिकायतें लंबे समय से मिल रही है। नोहर निवासी फतेह मोहम्मद ने बताया कि वे नगर पालिका नोहर में हुए गड़बड़झाले को लेकर मुख्यमंत्री से भी मिलेंगे।


