नोहर, 7 जनवरी। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी तेजा सिंह गदराना ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नोहर का निरीक्षण किया। इस मौके पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने कोरोना काल में विद्यार्थियों की पढ़ाई को सुचारू रखने के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित स्माइल टू कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा- निर्देश शिक्षकों को दिए। इस अवसर पर विद्यालय में संचालित ऑनलाइन कक्षाओं तथा सोशल मीडिया के सदुपयोग को मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा सराहा गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को ऑनलाइन संबोधित करते हुए श्री गदराना ने कहा कि सोशल मीडिया का शिक्षण में जितना प्रयोग हम कर सकते हैं, हमारे हित में हैं। शिक्षकों द्वारा ली जा रही ऑनलाइन कक्षाओं की उन्होंने प्रशंसा की। विभिन्न विषयों के लिए नियमित लाइव कक्षाएं लेने वाले शिक्षकों को भी उन्होंने सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य महेंद्र मिश्रा ने अधिकारीयों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय में भविष्य में भी शिक्षण की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। इस मौके पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दिलीप पारीक, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मनोज आर्य सहित शिक्षक उपस्थित थे।

