पुलिस और प्रशासन के जाप्ते ने रासलाना वितरिका पर पानी चोरी रोकने को लेकर किया फ्लैगमार्च

पुलिस और प्रशासन के जाप्ते ने रासलाना वितरिका पर पानी चोरी रोकने को लेकर किया फ्लैगमार्च, नहरी पानी चोरी हल हाल में रोकी जाएगी- कलक्टर
  
हनुमानगढ़, 12 जनवरी। सिद्धमुख फीडर की रासलानी वितरिका में पानी चोरी रोकने को लेकर लगाए गए पुलिस और प्रशासन के जाप्ते ने मंगलवार को मोर्चा संभालते हुए दिनभर नहर किनारे फ्लैगमार्च किया। रासलाना वितरिका पर मौका मजिस्ट्रेट, सुपरवाइजरी अधिकारी और निगरानी टीमें अब किसी भी हालत में नहर से पानी चोरी नहीं होने देगी। ये कहना है जिला कलक्टर श्री जाकिर हुसैन का। जो मंगलवार को मीडिया से मुखातिब थे। जिला कलक्टर ने बताया कि रासलाना वितरिका में रेगुलेशन के मुताबिक 12 जनवरी को शाम 6 बजे से सिंचाई पानी चला। लिहाजा नहर से पानी चोरी रोकने को लेकर जिला प्रशासन ने 12 जनवरी से 20 जनवरी तक 6 मौका मजिस्ट्रेट, 45 सुपरवाइजरी अधिकारियों और 30 निगरानी टीमों की ड्यूटी लगाई गई जो राउंड द क्लाक वहां ड्यूटी करेगी। मौका मजिस्ट्रेट वहां 12-12 घंटे की ड्यूटी करेंगे बाकि टीमों की 8-8 घंटे की ड्यूटी लगाई गई है। मंगलवार को जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। उन्होने फिल्ड में मोर्चा संभाल लिया। रासलाना वितरिका को तीन हिस्से में बांटते हुए हरियाणा से 9 किलोमीटर, 9 से 34 किलोमीटर और 34 से 55 किलोमीटर के इलाके में  मौका मजिस्ट्रेट, सुपरवाइजरी अधिकारियों और निगरानी टीमों ने सामूहिक रूप से नहर किनारे फ्लैगमार्च किया। वहीं शाम को नहर में पानी आने के साथ ही सभी ने अपने अपने मोर्च संभाल लिए। 
जमीन बारानी, बावजूद उसके नहरी पानी से खेती करने वालों की लिस्ट की जाएगी तैयार
जिला कलक्टर ने बताया कि अब अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जिन किसानों की जमीन बारानी है बावजूद उसके वहां पानी से खेती हो रही है तो ऐसे किसानों की लिस्ट तैयार की जाए। ताकि ऐसे पानी चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। जिला कलक्टर ने कहा कि पानी चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। कोई भी पानी चोरी करता पाया गया तो उसके खिलाफ 3 पीडीपी में केस दर्ज किया जाएगा। जिला कलक्टर ने बताया कि इन टीमों के ऊपर भी औचक निरीक्षण के लिए उच्चाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है जो समय समय पर इनकी जांच करेंगे कि टीमें ठीक से कार्य कर रही है या नहीं।   जिला कलक्टर ने बताया कि सभी टीमों को निर्देशित किया गया है कि कहीं भी उन्हें कोई दिक्कत आए तो सीधे वे उच्चाधिकारियों से बात करें।                 
छह तहसीलदारों को लगाया मौका मजिस्ट्रेट-
 जिला कलक्टर  जाकिर हुसैन ने बताया कि सिद्धमुख फीडर की रासलाना वितरिका में पानी चोरी रोकने को लेकर संपूर्ण क्षेत्र को तीन भागों में बांटकर राउंड द क्लॉक सुपरवाइजरी अधिकारियों की नियुक्त करते हुए छह तहसीलदारों को उक्त क्षेत्र में मौका मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।  हनुमानगढ़ के कार्यवाहक तहसीलदार  दानाराम, टिब्बी तहसीलदार  श्याम बेनिवाल, पीलीबंगा तहसीलदार  विनोद कुमार, नोहर तहसीलदार  ओमप्रकाश और भादरा तहसीलदार  विवेक चौधरी को मौका मजिस्ट्रेट लगाया गया है। मंगलवार को  दानाराम और  श्याम बेनीवाल ने मोर्चा संभाला।   
45 सुपरवाइजरी अधिकारी लगाए
जिला कलक्टर  जाकिर हुसैन ने बताया कि रासलाना वितरिका के संपूर्ण क्षेत्र में पानी चोरी की रोकथाम को लेकर राउंड द क्लाक कुल 45 सुपरवाइजरी अधिकारियों को नियुक्त किया है जो अपने आवंटित क्षेत्र में सतत निगरानी रखते हुए पानी की चोरी रोकने हेतु समुचित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। सुपरवाइजरी अधिकारियों में विकास अधिकारी, नगरीय निकाय के अधिशाषी अधिकारी, नायब तहसीलदार, कृषि उपज मंडी सचिव, कृषि विपणन बोर्ड के उपनिदेशक, कृषि विस्तार के सहायक निदेशक, जिला श्रम कल्याण अधिकारी,  जिला शिक्षा अधिकारी, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता, अधिशाषी अभियंता,सहायक खनिज अभियंता,  विभिन्न विभागों के अधिशाषी व सहायक अभियंताओं की ड्यूटी भी लगाई गई है।   
30 गश्ती दल 
जिला कलक्टर ने बताया कि सिद्धमुख फीडर की रासलाना वितरिका में पानी चोरी रोकने को लेकर जस संसाधन विभाग ने भी 30 टीमों का गठन किया है जिसमें प्रत्येक टीम में जल संसाधन विभाग की ओऱ से एक सहायक अभियंता और एक बेलदार की उसमें ड्यूटी लगाई गई है। इसका प्रभारी अधिकारी भादरा खंड के अधिशाषी अभियंता  अनिल कैथल और नोहर खंड के अधिशाषी अभियंता श्प्रेमचंद गुप्ता को बनाया गया है। इन्हें अलग अलग फिल्ड दिया गया है।
गौरतलब है कि रासलाना वितरिका में नहरी पानी चोरी रोकने को लेकर नोहर विधायक  अमित चाचाण पिछले लंबे समय से प्रयासरत है। उन्होने नहर किनारे धरना लगाने से लेकर जयपुर में मुख्यमंत्री से लेकर उच्चाधिकारियों तक को इससे अवगत करवाते हुए टेल के किसानों को उनके हक का पानी दिलाने की भरसक कोशिश की। लिहाजा जिला कलक्टर के निर्देशन में पुलिस और प्रशासन की टीमें अब नहरी पानी चोरी रोकने को लेकर कटिबद्ध है।