जिले की पांच नगरपालिकाओं में 86.08 प्रतिशत हुआ मतदान संगरिया नगर पालिका में हुआ सर्वाधिक 88.08 प्रतिशत मतदाननोहर नगर पालिका में हुआ सबसे कम 82.87 प्रतिशत मतदान
हनुमानगढ़, 28 जनवरी। जिले की पांचों नगरपालिकाओं संगरिया, पीलीबंगा, रावतसर, नोहर और भादरा में गुरूवार को शांतिपूर्ण 86.08 प्रतिशत मतदान हुआ। सांख्यिकी विभाग के सहायक निदेशक श्री विनोद गोदारा ने बताया कि जिले में सर्वाधिक मतदान संगरिया नगरपालिका में 88.08 प्रतिशत और पांचों नगर पालिकाओं में सबसे कम मतदान नोहर नगरपालिका में 82.87 प्रतिशत हुआ। इसके अलावा रावतसर में 87.90 प्रतिशत, भादरा में 87.22 प्रतिशत, और पीलीबंगा में 85.51 प्रतिशत मतदान हुआ। संगरिया में कुल 27 हजार 925 मतदाताओं में से 24 हजार 597 मतदाताओं ने मतदान किया। इसी प्रकार पीलीबंगा के कुल 28 हजार 814 मतदाताओं में से 24 हजार 639 मतदाताओं ने, रावतसर के कुल 24 हजार 518 मतदाताओं में से 21551 मतदाताओं ने, नोहर के कुल 36 हजार 706 मतदाताओं में से 30 हजार 418, भादरा के 29 हजार 650 मतदाताओं में से 25 हजार 861 मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया।
स्ट्रांग रूम करवाए सील- जिला निर्वाचन अधिकारी जाकिर हुसैन ने बताया कि सभी नगरपालिका मुख्यालय पर शाम को ईवीएम मशीनों के पहुंचने पर स्ट्रांग रूम को सील करवा दिया गया। भादरा में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नोहर में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रावतसर में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पीलीबंगा में इंदिरा गांधी मेमोरियल स्नातकोतर महाविद्यालय और संगरिया में किसान शहीद स्मारक, खालसा उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। यहीं पर 31 जनवरी को सुबह 9 बजे से मतगणना शुरू होगी।



