बर्ड फ्लू की हुई पुष्टि, 5 में से 2 सैंपल आए पोजिटिव

जिले में बर्ड फ्लू की हुई पुष्टि, 5 में से 2 सैंपल आए पोजिटिव, राहत की बात ये कि 3 जनवरी के बाद जिले में कहीं भी नहीं मिले मृत पक्षी- कलक्टर
हनुमानगढ़, 8 जनवरी। जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो गई है। नोहर के जबरासर में 3 जनवरी को मृत पाए गए 88 कौओं में से भोपाल भेजे गए 5 सैंपल में से 2 सैंपल की रिपोर्ट पोजिटिव आई है। जिला कलक्टर श्री जाकिर हुसैन ने बताया कि 3 जनवरी को नोहर के जबरासर में 88 कौओं के मृत पाए जाने के बाद पशुपालन विभाग की ओर से लिए गए सैंपल 5 जनवरी को वन विभाग की ओर से भोपाल भेजे गए थे। जिनकी रिपोर्ट शुक्रवार को आई। पांच में से 2 सैंपल की रिपोर्ट पोजिटिव आई है। 
बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद जिला कलक्टर श्री जाकिर हुसैन ने पशुपालन और वन विभाग को आवश्यक एहतियात बरतने के दिए सख्त निर्देश
लिहाजा पशुपालन व वन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पोल्ट्री फॉर्म के मालिकों को भी आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पूरे जिले में कहीं भी पक्षियों के मृत पाए जाने की स्थिति में तत्काल आगामी कार्रवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला कलक्टर ने बताया कि हालांकि जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो गई है। लेकिन राहत की बात ये है कि 3 जनवरी को कौओं के मृत पाए जाने के बाद जिले में एक भी पक्षी मृत नहीं पाया गया है। लिहाजा किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। जिले में स्थिति बिल्कुल कंट्रोल में है। 
जिले में कहीं भी मृत पक्षी मिले तो कंट्रोल रूम नंबर 01552-226689 या 9414501196, 6377474211 पर दें जानकारी
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ नरेन्द्र चाहर ने बताया कि नोहर के जबरासर में जहां कौए मृत मिले थे। वहां आसपास के इलाके को सैनेटाइज कर दिया गया है। विभाग में पीपीई किट व सैनेटाइज की व्यवस्था भी कर ली गई है। कहीं भी अगर 5 से ज्यादा पक्षी मृत मिले तो सैंपल लिए जाएंगे। इसको लेकर आवश्यक तैयारी कर ली गई है। डॉ चाहर ने बताया कि जिला कलक्टर के निर्देशानुसार सभी ब्लॉक में वरिष्ठ वेटरनरी डॉक्टर को प्रभारी अधिकारी लगा दिया गया है। जिला मुख्यालय पर कंट्रोल रूम भी स्थापित कर दिया गया है। अगर जिले में कहीं भी एक साथ 5 से अधिक पक्षी मृत मिले तो इसकी जानकारी कंट्रोल रूम नंबर 01552-226689 या उनके खुद के मोबाइल नंबर 94145-01196 पर और वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ राजवीर राठौड़ के मोबाइल नंबर 6377474211 पर कोई भी व्यक्ति दे सकता है।  
गौरतलब है कि नोहर के जबरासर में 88 कोए मृत पाए गए थे और 6 बीमार मिले। 6 में से 4 कौए अगले दिन और एक कौए ने उससे अगले दिन दम तोड़ दिया था। एक कौआ स्वस्थ हो गया था। यानि कुल 93 कौए मरे थे। जिला कलक्टर ने भी एहतियात के तौर पर 7 जनवरी को पशुपालन और वन विभाग समेत पोल्ट्री फॉर्म मालिकों इत्यादि की बैठक कर आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए थे।