नवनिर्वाचित प्रधान सोहन ढील ने किया कार्यभार ग्रहण

नोहर, 12 दिसम्बर। पंचायत समिति नोहर के नवनिर्वाचित प्रधान सोहन ढि़ल ने शनिवार को प्रधान पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस मौके पर पंचायत समिति परिसर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता गोगामेड़ी के सरपंच महंत रूपनाथ ने की। कार्यक्रम में विधायक अमित चाचाण सहित पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, सरपंच व कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद सोहन ढि़ल ने प्रधान पद का कार्यभार ग्रहण किया। जनप्रतिनिधियों द्वारा सोहन ढि़ल का अभिनंदन व स्वागत किया गया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में विचार व्यक्त करते हुए विधायक अमित चाचाण ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने कांग्रेस पार्टी में विश्वास व्यक्त करते हुए कड़ी से कड़ी जोडऩे का काम किया है। इसका लाभ विकास के रूप में क्षेत्र की जनता को अवश्य मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अन्तिम छोर पर बैठे व्यक्ति को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कोई कोर-कसर नही छोड़ी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यो के नये आयाम स्थापित किये जायेगें। बिना किसी भेदभाव सम्पूर्ण क्षेत्र में एक समान रूप से विकास कार्य करवाये जायेगें। इस मौके पर नवनिर्वाचित प्रधान सोहन ढि़ल ने कहा कि पार्टी व क्षेत्र की जनता ने उनमें जो विश्वास व्यक्त किया है वे उस पर सदैव खरा उतरने का प्रयास करेगें। ढि़ल ने कहा कि सम्पूर्ण क्षेत्र में पार्टीबाजी से ऊपर उठकर विकास कार्य करवाये जायेगें। सरकार की योजना धरातल पर लागू हो, आम आदमी को योजनाओं का बेखूबी लाभ मिले इसके लिए पूरे प्रयास किये जायेगें। उन्होंने कहा कि गांव के विकास में विकास की एक-एक ईंट लगाने के लिये सभी को साथ लेकर कार्य किया जाएगा।