श्रीगंगानगर। (नरेश पारीक) राजकुमार गौड़ राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मिले ओर श्रीगंगानगर जिले में पीडब्ल्यूडी के रुके हुए कार्यों को प्रारंभ करवाने, पेयजल योजनाओं को शीघ्र स्वीकृत करने, मेडिकल कॉलेज के शीघ्र निर्माण, कृषि महाविद्यालय, लालगढ़ हवाई पट्टी सड़क निर्माण सहित किसानों की समस्याओं एवं हनुमानगढ़ रोड़ के लिए जल्दी राशि स्वीकृत करने सहित श्रीगंगानगर के विकास के बारे में चर्चा की।
वहीं इस मुलाकात में मेडिकल कॉलेज निर्माण को शुरू करने एवं श्रीगंगानगर से लालगढ़ हवाई पट्टी तक सड़क निर्माण के लिये राशि जारी करने व ग्रामीणों क्षेत्रों की सड़कों तथा जल योजनाओं के भेजे गए प्रस्तावों की स्वीकृति जल्द जारी करने का आग्रह किया। विधायक राजकुमार गौड़ ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को श्रीगंगानगर से लालगढ़ हवाई पट्टी तक 25 करोड़ की लागत से सड़क को चौड़ा कर निर्माण करने की बजट में की गई घोषणा से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि यह सड़क बहुत ही जर्जर हालात में है, जिससे आमजन को काफी असुविधा हो रही है। मेरा आपसे आग्रह हैं कि बजट घोषणा के अनुसार जल्द से जल्द राशि जारी कर सड़क निर्माण प्रारंभ करने के आदेश प्रदान करें, जिससे जनता को हो रही असुविधा से निजात मिले। विधायक गौड़ ने ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न सड़कों के निर्माण व जल योजनाओं की स्वीकृति जल्द जारी करने का आग्रह भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से किया है। विधायक गौड़ के साथ उनके पुत्र विकास गौड़ भी उपस्थित थे।

