जिले में शुरू हुई 8 इंदिरा रसोई, मात्र 8 रूपए में मिलेगा भरपूर खाना

हनुमानगढ़ (नरेश पारीक)। अब शहरी क्षेत्र में जरूरतमंद को मात्र 8 रूपए में भरपूर खाना मिल सकेगा। ये संभव होगा इंदिरा रसोई योजना के जरिए। जिसका शुभारंभ शुक्रवार को मुख्यमंत्री  अशोक गहलोत ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए जयपुर से किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई जिलों में रसोई संचालकों और भोजन करने आए जरूरतमंदों से सीधी बात भी की। हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर जिला कलक्टर  जाकिर हुसैन, नगर परिषद सभापति  गणेशराज बंसल, उपसभापति  अनिल खीचड़, पार्षद  सुमित रिणवा, पार्षद  मनोज सैनी, पार्षद  अब्दुल हाफिज इत्यादि अतिथियों ने टाउन के महावीर धर्मशाला में इंदिरा रसोई का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एसडीएम  कपिल यादव, नगर परिषद कमीश्नर  शैलेन्द्र गोदारा, समाजसेवी  बालकृष्ण गोल्याण,  नीरज सिंघल, रसोई संचालक  महेन्द्र शर्मा,  प्रदीप एरी,  बिल्लू सैन, नगर परिषद से  सूबेसिंह,  रामकुमार समेत अन्य अतिथि उपस्थित थे।   जिला कलक्टर ने रसोई में भोजन करने आए जरूरतमंदों से भोजन की क्वालिटी को लेकर सवाल जवाब किए। सभी ने खाने की क्वालिटी को बहुत अच्छा बताया। तत्पश्चात जिला कलक्टर ने खुद 8 रूपए की रसीद कटवाई। वहीं परिसर में ही बैठकर खाना खाया और भोजन की गुणवत्ता को परखा।जिला कलक्टर ने बताया कि खाने की गुणवत्ता अच्छी है लेकिन समय समय पर सभी इंदिरा रसोईयों का औचक निरीक्षण भी किया जाएगा। जिला कलक्टर ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि इंदिरा रसोई की शुरूआत पूरे राज्य में एक साथ की गई है। हनुमानगढ़ जिले में कुल 8 इंदिरा रसोई का संचालन किया जाएगा। जिसमें से 3 नगर परिषद क्षेत्र में और नगर पालिका क्षेत्र संगरिया, पीलीबंगा, रावतसर, नोहर और भादरा में एक-एक यानि जिले में कुल 8 रसोई का संचालन शुक्रवार से शुरू कर दिया गया है।