नोहर 3 अक्टूबर। गांधी जयंती के अवसर पर पंचायत समिति नोहर की ग्राम पंचायत देईदास में विशेष ग्राम सभा एवं विभिन्न समितियों की बैठकों का आयोजन किया गया। पंचायती राज मंत्रालय के ‘सबकी योजना, सबका विकास’ अभियान एवं ‘सुधार उत्सव-2026’ के तहत आयोजित बैठकों में ग्रामीण विकास योजनाओं, सामुदायिक कल्याण तथा स्थानीय स्तर पर गठित विभिन्न समितियों की कार्ययोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
विशेष ग्राम सभा में ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) के तहत गांव के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों एवं प्रस्तावित कार्यों पर विचार-विमर्श किया गया। वहीं ग्रामीणों की सहभागिता के साथ सामुदायिक हित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर भी चर्चा हुई।
बैठक के दौरान नशामुक्त अभियान ‘मनस्वी’ के तहत गठित समिति की बैठक भी आयोजित की गई। इसमें क्षेत्र में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को नियंत्रित करने, युवाओं एवं आमजन को नशे से दूर रखने तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने को लेकर मंथन किया गया। समिति सदस्यों ने नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाने और समाज के विभिन्न वर्गों को इससे जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में प्रशासक राजेंद्र, ग्राम विकास अधिकारी चरण सिंह, कनिष्ठ सहायक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीण विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसी क्रम में पंचायत समिति नोहर की अन्य ग्राम पंचायतों में भी गांधी जयंती के अवसर पर विशेष ग्राम सभाओं एवं विभिन्न समितियों की बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में गांवों के विकास, जनकल्याण, ग्राम पंचायत विकास योजना तथा नशामुक्ति सहित स्थानीय मुद्दों पर चर्चा कर आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

