बदहाल सड़क बनी परेशानी का सबब, गड्ढों से हादसे का खतरा

नोहर में सड़क बदहाल, राहगीर परेशान

मटोरिया भवन से टैक्सी स्टैंड तक सड़क क्षतिग्रस्त, नालियां भी टूटीं

बिहानी चौक से श्रीराम वाटिका की ओर जाने वाली मुख्य सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। मटोरिया भवन से टैक्सी स्टैंड तक सड़क के कई हिस्से टूट चुके हैं। जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर बने ऊंचे-नीचे हिस्सों के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बना रहता है। रात के समय अंधेरे में गड्ढे दिखाई नहीं देने से स्थिति और गंभीर हो जाती है।


बताया गया कि जलदाय विभाग की ओर से पाइपलाइन डालने के लिए सड़क की खुदाई की गई थी। इसके बाद सड़क का निर्माण कराया गया, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि निर्माण के बाद सड़क की स्थिति में सुधार होने के बजाय कई स्थानों पर समस्या और बढ़ गई।
सड़क किनारे बनी नालियां भी कई जगह टूट चुकी हैं, जिससे पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से सड़क का निरीक्षण करवाकर निर्माण की गुणवत्ता की जांच, जिम्मेदारी तय करने और पैचवर्क के बजाय सड़क का उचित पुनर्निर्माण करवाने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।