अभिमन्यु सिंह राजवी का नोहर आगमन, भटनेर जौहर स्मृति समारोह के लिए किया आमंत्रित
नोहर| हनुमानगढ़ में 4 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित भटनेर जौहर स्मृति समारोह 2026 की तैयारियां जारी हैं। इसी सिलसिले में अभिमन्यु सिंह राजवी शुक्रवार को नोहर के सूर्य भवन मंदिर पहुंचे, जहां उनसे मुलाकात कर आयोजन को लेकर चर्चा की गई। उन्हें हनुमानगढ़ में होने वाले समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया गया। समारोह का आयोजन भटनेर जौहर स्मृति संस्थान, हनुमानगढ़ के तत्वावधान में किया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथियों में राजेन्द्र सिंह राठौड़ और नरपत सिंह राजवी की उपस्थिति प्रस्तावित है। आयोजन से जुड़ी तैयारियों और अतिथियों के कार्यक्रम पर अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार समारोह का उद्देश्य क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को स्मरण करना और उसके प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम 4 अक्टूबर 2026, रविवार को शाम 4 बजे हनुमानगढ़ में आयोजित होगा। स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम के संचालन और व्यवस्थाओं को लेकर बैठकों का दौर चल रहा है।