101 प्रतिभाएं सम्मानित, स्वर्णकार समाज ने दिया शिक्षा-संस्कारों को बढ़ावा देने का संदेश
नोहर श्री मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार नवयुवक समिति नोहर के तत्वावधान में स्वर्णकार समाज का 24वां प्रतिभा सम्मान समारोह एवं नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम रविवार को स्थानीय रामा मैरिज पैलेस में उत्साह, उमंग, गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 101 प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी के अध्यक्ष शंकर धूपड़ मुख्य अतिथि रहे।
समारोह की अध्यक्षता सुश्री पूनम भामा, आरएएस, पीलीबंगा ने की। नीरज कुमार बूटण, चीफ मैनेजर, पंजाब एंड सिंध बैंक, क्रेडिट हेड, नॉर्थ इंडिया, मुख्य वक्ता रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. विक्रम बबेरवाल, एमबीबीएस, जूनियर रेजिडेंट, गवर्नमेंट कॉलेज, पाली, मुरलीधर जांगलवा, अध्यक्ष, स्वर्णकार समाज, हनुमानगढ़, केसरी चंद कूकरा, अध्यक्ष, श्री मेढ़ स्वर्णकार सभा, नोहर, तथा कन्हैयालाल नारनौली, अध्यक्ष, श्री मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार नवयुवक समिति, नोहर उपस्थित रहे। समिति पदाधिकारियों ने अतिथियों का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया। शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। समिति अध्यक्ष कन्हैयालाल नारनौली ने आभार व्यक्त किया। समारोह में 101 प्रतिभाओं को अतिथियों एवं समिति पदाधिकारियों ने सम्मानित किया। अतिथियों ने प्रतिभाओं की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



