नोहर फीडर पर 24 घंटे से डटे किसान: सिंचाई विभाग के AC, XEN समेत अधिकारियों को रोका, बोले- लिखित आश्वासन तक नहीं हटेंगे

नोहर फीडर पर 24 घंटे से डटे किसान: सिंचाई विभाग के AC, XEN समेत अधिकारियों को रोका, बोले- लिखित आश्वासन तक नहीं हटेंगे
नोहर। नोहर फीडर में हरियाणा की ओर से कथित दूषित पेयजल छोड़े जाने के विरोध में किसानों का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा। किसान पूरी रात धरना स्थल पर डटे रहे। आंदोलन के दौरान किसानों ने सिंचाई विभाग के एसी (AC), एक्सईएन (XEN), एईएन (AEN), जेईएन (JEN) सहित अन्य अधिकारियों को पिछले 24 घंटे से अपने बीच ही रोक रखा है।

किसानों का आरोप है कि अधिकारियों को रोके जाने के बावजूद अब तक न तो कोई वरिष्ठ सिंचाई अधिकारी और न ही कोई उच्च प्रशासनिक अधिकारी मौके पर वार्ता के लिए पहुंचा है। इससे किसानों में नाराजगी और बढ़ गई है।

पूर्व प्रधान सोहन ढिल ने कहा कि किसान किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और फीडर में दूषित पानी छोड़ने का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।

किसान नेता गुरमेल सिंह ने कहा कि जब तक हरियाणा की ओर से लिखित में यह आश्वासन नहीं दिया जाता कि फीडर में दूषित पानी नहीं छोड़ा जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसान अपनी मांगों से पीछे हटने वाले नहीं हैं।

धरना स्थल पर आसपास के अनेक गांवों के किसान बड़ी संख्या में मौजूद हैं। एनपी अध्यक्ष सहित किसान संगठनों के पदाधिकारी भी किसानों के साथ धरने पर बैठे हैं। पूरे घटनाक्रम पर क्षेत्रभर की नजर बनी हुई है।