नोहर, 29 जून। भारतीय किसान संघ द्वारा क्षेत्र में बढ़ते नशे के प्रचलन के खिलाफ "नशा विरुद्ध जन जागरण अभियान" की शुरुआत सोमवार को की गई। अभियान के तहत फ्लेक्स एवं पोस्टर का विमोचन उपखंड अधिकारी राहुल श्रीवास्तव, अभिभाषक संघ के उपाध्यक्ष मांगेराम गोदारा, चेयरमैन राजेंद्र सिहाग, भारतीय किसान संघ के महामंत्री पृथ्वी साहू तथा उपाध्यक्ष गंगाराम बेनीवाल ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर महामंत्री पृथ्वी साहू ने कहा कि क्षेत्र के युवा तेजी से नशे की चपेट में आ रहे हैं, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इसी उद्देश्य से भारतीय किसान संघ ने नशा विरुद्ध जन जागरण अभियान शुरू किया है। उन्होंने बताया कि किसान संघ के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराएंगे तथा उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे।
भारतीय किसान संघ ने आमजन से भी इस अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। संघ ने लोगों से आग्रह किया कि यदि किसी गांव में अवैध रूप से नशा बेचने की गतिविधि की जानकारी हो तो इसकी सूचना किसान संघ के कार्यकर्ताओं को दें। संघ ने भरोसा दिलाया कि नशा कारोबारियों के खिलाफ मजबूती से आंदोलन चलाकर क्षेत्र के युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

