बारिश से पहले जोहड़ का रास्ता खोलने की मांग, बस्ती में जलभराव की आशंका

बारिश से पहले जोहड़ का रास्ता खोलने की मांग, बस्ती में जलभराव की आशंका
नोहर। नगर के प्राचीन जोहड़ में बारिश के पानी की निकासी का रास्ता खोले जाने की मांग को लेकर मोहल्लेवासियों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि महावीर पार्क के पास स्थित जोहड़ में नगर का अधिकांश बरसाती पानी एकत्र होता है, लेकिन नगर पालिका द्वारा जोहड़ के सौंदर्यीकरण व पार्क निर्माण कार्य के दौरान पानी के बहाव का रास्ता बंद कर दिया गया है। 
ज्ञापन के अनुसार यदि समय रहते पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो बरसात के दौरान आसपास की बस्तियों में जलभराव हो सकता है, जिससे लोगों के घरों में पानी घुसने और जान-माल के नुकसान की आशंका है। मोहल्लेवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि इस संबंध में नगर पालिका को पहले भी कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। 
मोहल्लेवासियों ने उपखंड अधिकारी से मौके का निरीक्षण कर शीघ्र पानी निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बारिश के मौसम में संभावित नुकसान से बचा जा सके। ज्ञापन पर अनेक स्थानीय निवासियों के हस्ताक्षर भी किए गए हैं।