जनगणना-2027 के प्रथम चरण की समीक्षा बैठक आयोजित,

जनगणना-2027 के प्रथम चरण की समीक्षा बैठक आयोजित, 
नोहर| पंचायत समिति सभागार में जनगणना-2027 के शहरी क्षेत्र के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण कार्य के सफलतापूर्वक संपन्न होने के उपलक्ष्य में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपखंड जनगणना अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी राहुल श्रीवास्तव ने की।
बैठक में फील्ड ट्रेनर्स, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों के साथ मकान सूचीकरण कार्य के दौरान क्षेत्र स्तर पर आई चुनौतियों, व्यावहारिक कठिनाइयों, उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। आगामी चरणों को अधिक प्रभावी, सुगम बनाने के लिए सुझाव प्राप्त किए गए। आवश्यक सुधारात्मक उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर चार्ज जनगणना अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी गिरिराज रत्नू ने कहा कि प्रथम चरण के दौरान कार्मिकों से प्राप्त अनुभवों, सुझावों को जनगणना के द्वितीय चरण में समुचित रूप से शामिल किया जाएगा। उन्होंने निर्धारित समयावधि में कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने में सभी फील्ड ट्रेनर्स, पर्यवेक्षकों, प्रगणकों द्वारा दिखाए गए समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट सहयोग की सराहना की। उन्होंने उनका आभार व्यक्त किया। बैठक के समापन पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को पौधों का वितरण किया गया। बैठक में जनगणना लिपिक सन्नी कुमार सहित शहरी क्षेत्र के समस्त फील्ड ट्रेनर्स, पर्यवेक्षक, प्रगणक एवं पालिकाकर्मी मौजूद रहे।