कांच की बारीक नक्काशी से खिला रामगढ़ का बाबा रामदेव मंदिर, श्रद्धालुओं का बना आकर्षण केंद्र
नोहर| क्षेत्र के गांव रामगढ़ स्थित बाबा रामदेव का मंदिर कांच के बारीक टुकड़ों से की गई अद्भुत नक्काशी से खिला नजर आ रहा है। गांव रामगढ़ में बाबा रामदेव मंदिर का अभी-अभी पुनर्निर्माण हुआ है। जिसमें दिल्ली से आए कारीगरों ने कांच के बारीक टुकड़ों को काट-काट कर बाबा का ऐसा मनमोहक दरबार सजाया है कि जो अब आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कारीगरों ने मन्दिर की दीवारों, छत, गर्भगृह आदि स्थानों को कांच के टुकड़ों से इस प्रकार के सजाया कि पूरा मंदिर जगमग नजर आ रहा है।
इसके अलावा कांच के रंग-बिरंगे टुकड़ों को काट-काटकर मंदिर में भगवान लड्डू गोपाल, द्वारपाल, मोर आदि के भीति चित्र भी उकेरे गए हैं। पूरा मंदिर परिसर इस नक्काशी से सुशोभित नजर आ रहा है। मंदिर में धोक लगाने आने वाले श्रद्धालु धोक लगाकर इस नक्काशी को निहारते नहीं थकते। मन्दिर में आने वाले श्रद्धालु कांच के टुकड़ों के माध्यम से की गई इस बेहतरीन नक्काशी की खूब सराहना भी कर रहे हैं। मंदिर में की गई इस अद्भुत कांच की नक्काशी के कार्य को दिल्ली से आए 6 कारीगरों की टीम ने दस दिनों में पूर्ण किया।

