पिकअप की टक्कर से महिला की मौत

पिकअप की टक्कर से  महिला की मौत 
नोहर| पिकअप की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। दुर्घटना में मृतक महिला का पति घायल हो गया। घटना यहां सरदारपुरा बास में गुरुद्वारा के पास की है। जानकारी के अनुसार नोहर निवासी गोविंद मेहता 29 वर्ष अपनी पत्नी रोशनी देवी 27 वर्ष के साथ मोटरसाइकिल पर घर जा रहा था। तभी गुरुद्वारे के समीप एक पिकअप गाड़ी चालक ने मोटरसाइकिल के टक्कर मारी। जिससे रोशनी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका पति गोविंद मेहता गंभीर घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है।
बताया जाता है कि टक्कर की इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल पर सवार रोशनी देवी कई दूर तक घसीटती गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। दोनों पति-पत्नी छठ पर्व की खरीदारी करके अपने घर जा रहे थे। तभी दुर्घटना के शिकार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर भारी संख्या में लोग पुलिस थाना में जमा हो गए। लोगों ने पिकअप चालक की गिरफ्तारी की मांग की। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक अमित चाचाण भी पुलिस थाना पहुंचे। लोगों के भारी रोष को देखते हुए पुलिस ने धानसिया निवासी भरतलाल जाट को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस ने मृतक के परिजन दलीप कुमार की सूचना पर गफलत व लापरवाही से पिकअप गाड़ी चलाकर मोटरसाइकिल में टक्कर मारने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मृतक महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। छठ पर्व से पूर्व हुई इस दुखद घटना की जानकारी मिलने पर बिहारी समुदाय में शोक की लहर छा गई।