नोहर लगातार हो रही बारिश के बावजूद नगर पालिका प्रशासन निरंतर पानी निकासी में जुटा हुआ है। पालिका की टीम 24 घंटे कार्य कर रही है। पालिका ईओ बसंत सैनी लगातार पानी निकासी को लेकर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मंगलवार को पालिका ईओ ने कस्बे में जलभराव वाले स्थानों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ पार्षद गंगाराम पांडिया सहित जनप्रतिनिधि व पालिका कर्मचारी थे। बारिश के कारण कस्बे के परम्परागत जल स्त्रोत पानी से भर चुके हैं। इसके बावजूद पालिका द्वारा पानी निकासी को लेकर अनेक इंतजाम किए गए हैं।
पालिका ईओ बसंत सैनी व पार्षद गंगाराम पांडिया ने अनेक जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण कर पानी निकासी की रुपरेखा तैयार की। पालिका ईओ ने बताया कि प्राचीन जोहड़ के अलावा गिन्नाणियों पर पानी निकासी के लिए पंप सेट लगाए गए हैं। प्राचीन जोहड़ पर अतिरिक्त पंप सैट लगाकर उसका पानी भगत सिंह चौक स्थित कुंए में डाला जा रहा है। इसके अलावा जोगीआसन क्षेत्र में स्थित कुंए में भी बारिश का पानी डालना शुरू किया है। पार्षद गंगाराम पांडिया ने बताया कि कहीं भी जलभराव नहीं होने दिया जा रहा है। जलभराव के बाद कुछ ही घंटों में पानी निकासी सुनिश्चित की जा रही है। ईओ बसंत सैनी ने बताया कि पानी निकासी को लेकर नगर पालिका द्वारा गठित टीम लगातार अलर्ट मोड पर है। टीम को सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाए गए हैं। पानी निकासी को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। बसंत सैनी ने बताया कि निकट भविष्य में जलभराव की समस्या को लेकर पालिका प्रशासन द्वारा ठोस कार्य योजना तैयार की जाएगी। इस अवसर पर ठेकेदार यूनियन के अध्यक्ष भादर राव, पालिका कार्मिक सोनू गुर्जर, जगदीश आदि मौजूद थे।

