दिल्ली ओपन बोर्ड परीक्षा में डमी परीक्षार्थी के रूप में परीक्षा दे रहे दस जनों को पुलिस ने गिरफ्तार किया
नोहर दिल्ली ओपन बोर्ड परीक्षा में डमी परीक्षार्थी के रूप में परीक्षा दे रहे दस जनों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग है, जिसको निरूद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में केंद्र अधीक्षक व स्कूल संचालक भी शामिल हैं। इस कार्रवाई के बाद कस्बे में हड़कंप मच गया। चर्चा है कि इस मामले के तार एक निजी शिक्षण संस्थान से भी जुड़े हैं। दर्ज रिपोर्ट के अनुसार गिरफ्तार किए गए डमी परीक्षार्थियों में से चार निजी स्कूल के अध्यापक बताए जाते हैं।
दरअसल, नोहर पुलिस ने डीएसटी के सहयोग से यहां बडबिराना मार्ग पर एमडी पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय में छापा मारा तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। परीक्षा केंद्र पर 12वीं के हिंदी विषय का पेपर चल रहा था। छापे के दौरान कुछ डमी परीक्षार्थी अलग कमरे में बैठकर परीक्षा दे रहे थे। कुछ एक आधार कार्ड में कांट-छांट करके डमी परीक्षार्थी के रूप में परीक्षा देते पकड़े गए। पुलिस ने मौके पर से अनेक कॉपी, पेपर सीट, आधार कार्ड आदि जब्त किए हैं। इस कार्रवाई को डीएसटी के सहयोग से अंजाम दिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि डमी अभ्यर्थी के माध्यम से परीक्षा दिलवाने की एवज में प्रत्येक अभ्यर्थी से 50 हजार रुपए लिए जाते थे। थाना प्रभारी ईश्वरानंद शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि नोहर कस्बे में स्थित एक प्राइवेट शिक्षण संस्था की ओर से दिल्ली ओपन बोर्ड कक्षा 12 की परीक्षा में फर्जीवाड़ा कर डमी अभ्यर्थी के माध्यम से परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इनके खिलाफ नोहर थाना में धोखाधड़ी व राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधन की रोकथाम) अधिनियम 1992 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस ने इनको किया गिरफ्तार:
डमी परीक्षार्थियों में से चार निजी स्कूल के अध्यापक पुलिस ने इस मामले में डमी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा दे रहे प्रमोद (24) पुत्र मनोहरलाल कुम्हार निवासी वार्ड चार 10 केडब्ल्यूडी रावतसर, सोनू कुमार (27) पुत्र ओमप्रकाश बावरी निवासी वार्ड तीन रावतसर, विकास (24) पुत्र चिमनलाल मेघवाल निवासी वार्ड पांच भाकरांवाला चक रावतसर, कुलदीप (23) पुत्र सुल्तान जाट निवासी निमला, प्रमोद कुमार (25) पुत्र बृजलाल मेघवाल निवासी वार्ड दस गांव जोरावरपुरा हनुमानगढ़, जितेन्द्र (19) पुत्र सुभाष चन्द्र मिरासी निवासी वार्ड पांच गांव दलपतपुरा नोहर, रोहित मोहम्मद (30) पुत्र रज्जाक मोहम्मद निवासी सांगठिया नोहर एवं सतीश कुमार (24) पुत्र मनोज कुमार खाती निवासी किराड़ा बड़ा भादरा को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा मौके से निजी स्कूल संचालक महावीर प्रसाद (50) पुत्र सुरजाराम जाट निवासी बड़बिराना को गिरफ्तार किया गया। मामले की जांच साइबर पुलिस थाना हनुमानगढ़ के प्रभारी हनुमानाराम बिश्नोई कर रहे हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसआई राजपाल सिंह, हैड कांस्टेबल मुख्तयार सिंह, कांस्टेबल पूनम, रणधीर, कालूराम व सुभाष शामिल रहे। इस कार्रवाई में डीएसटी सेक्टर नोहर की विशेष भूमिका रही।


