अम्बेडकर विहार में जनसहयोग से 2 करोड़ में बनेगा पुस्तकालय

अम्बेडकर विहार में जनसहयोग से 2 करोड़ में बनेगा पुस्तकालय
नोहर,  डॉ. अम्बेडकर नवयुवक संघ नोहर द्वारा स्थानीय अम्बेडकर विहार में पुस्तकालय निर्माण को लेकर चलाई मुहिम अब साकार रूप लेने लगी है। डॉ. अम्बेडकर नवयुवक संघ यहां करीब दो करोड़ रुपये के जन सहयोग से अत्याधुनिक सुख-सुविधाओं से सुसज्जित विशाल डॉ. भीमराव अम्बेडकर पुस्तकालय का निर्माण करवायेगा ताकि युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ-साथ महापुरूषो व साहित्यकारो की विभिन्न ज्ञानवर्धक पुस्तकों, जीवनियों का अध्ययन कर सके। संघ की इस अनुकरणीय पहल की खूब सराहना करने के साथ- साथ दानदाता निरंतर आर्थिक सहयोग के लिये आगे आ रहे है। डॉ. अम्बेडकर नवयुवक संघ के अध्यक्ष राधेश्याम जोईया ने अध्यक्ष बनने के साथ ही अम्बेडकर विहार में विभिन्न विकास कार्य करवाने के साथ-साथ यहां पुस्तकालय भवन के निर्माण का बीड़ा उठाया। जिसके लिये वे अपनी पूरी टीम के साथ निरंतर प्रयासरत है।

अत्याधुनिक सुविधाओं युक्त होगा पुस्तकालय भवन


डॉ. अम्बेडकर नवयुवक संघ के अध्यक्ष राधेश्याम जोईया ने बताया कि अम्बेडकर विहार में प्रस्तावित डॉ. अम्बेडकर पुस्तकालय का भवन विशाल व तीन मंजिला होगा। जिसमें अनेक कमरों के साथ-साथ विशाल हॉल, शौचालय आदि का निर्माण करवाया जाएगा। इसके अलावा इस पुस्तकालय लिफ्ट, एसी, वाई-फाई, विभिन्न प्रकार के फर्नीचर, पुस्तके, पत्र-पत्रिकाए, वाटर कूलर सहित विभिन्न सुविधाए होगी। पुस्तकालय का नक्शा आदि बनकर तैयार है। इस पुस्तकालय का निर्माण दानदाताओं के सहयोग से होगा। इस पुस्तकालय के निर्माण के बाद लडक़े-लड़किया को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में आसानी होगी और उन्हें इसके लिये कोई फीस भी नही देनी होगी। इस पुस्तकालय में अनुभवी शिक्षक भी बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवायेगें।  राधेश्याम जोईया ने बताया कि पुस्तकालय निर्माण के बाद एक कमेटी बनाई जाएगी। जो पुस्तकालय के सफल संचालन का काम देखेगी।
पुस्तकालय निर्माण को लेकर मिलने लगा जन सहयोग
डॉ. अम्बेडकर नवयुवक संघ की पुस्तकालय निर्माण कि इस मुहिम को साकार बनाने के लिये दानदाताओं को सहयोग निरंतर मिलने लगा है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 134वीं जयंती पर अम्बेडकर विहार में आयोजित कार्यक्रम में दानदाताओं ने पुस्तकालय निर्माण में अपना भरपूर आर्थिक सहयोग दिया। कार्यक्रम में रिटायर तहसीलदार शिवभगवान डिगवाल ने 2 लाख 21 हजार रुपये, एसबीआई के एजीएम धर्मवीर तंवर ने 2 लाख, हेमंत आर्य पुत्र रामकिशोर आर्य ने 2 लाख, विधुत विभाग के एक्सईएन हेतराम बामनिया ने 1 लाख 51 हजार, एनडीबी कॉलेज के प्राचार्य अमरसिंह मूनपरिया ने 1 लाख, हरदेव सिंह फुलवारिया ने 51 हजार, एईएन पंचायत समिति इन्द्रपाल नायक ने 51 हजार, लीलाधर निनानिया ने 21 हजार, धर्मेन्द्र मेघवाल ने 21 हजार, कन्या छात्रावास प्रभारी कांता बावरी ने 11 हजार, ताराचंद पुत्र सरदाराराम सांसी ने 11 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग पुस्तकालय निर्माण में देने की घोषणा की। इससे पूर्व में अनेक दानदाताओं द्वारा पुस्तकालय के निर्माण में आर्थिक सहयोग दिया जा चुका है।