प्रदेश में प्री-मानसून की स्थितियों के साथ ही एक बार फिर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय


प्रदेश में प्री-मानसून की स्थितियों के साथ ही एक बार फिर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय 
जयपुर। प्रदेश में प्री-मानसून की स्थितियों के साथ ही एक बार फिर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इससे मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा और आसपास के क्षेत्र में एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है।इसके प्रभाव से सोमवार को पूर्वी राजस्थान में बारां, बूंदी, झालावाड़, कोटा और बांसवाड़ा जिलों में कहीं कहीं पर मेघगर्जन, वज्रपात के साथ अचानक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। इसके बाद अगले तीन दिन तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। इसके साथ ही तापमान में भी दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी।वहीं प्रदेश में रविवार को मौसम शुष्क रहा। दो-तीन जिलों में आंधी चली व बारिश हुई। इसके अलावा ज्यादातर जिलों में तापमान 40 डिग्री या इससे अधिक रहा। सर्वाधिक तापमान श्रीगंगानगर में 41.8 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया। वहीं कोटा, बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर, चूरू, फलौदी, धौलपुर, करौली और पाली में अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री या इससे अधिक रहा।