कोविड संक्रमित मरीजों के ऑक्सीजन लेवल को सुधारने के उद्देश्य से मेडिकल स्टॉफ को प्रोनिंग की प्रक्रिया के बारे में ट्रेनिंग दी
कोविड संक्रमित मरीजों के ऑक्सीजन लेवल को सुधारने के उद्देश्य से आज मेडिकल स्टॉफ को प्रोनिंग की प्रक्रिया के बारे में ट्रेनिंग दी गई। चिकित्सकीय स्टॉफ अब सर्वे के दौरान घर-घर जाकर एवं चिकित्सा केन्द्रों पर भर्ती कोविड संक्रमित मरीजों को प्रोनिंग की प्रक्रिया को बताएंगे एवं मरीज का ऑक्सीजन लेवल सुधारने में मददगार साबित होंगे। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि जिले के समस्त चिकित्सा केन्द्रों पर आज शुक्रवार को मेडिकल स्टॉफ को प्रोनिंग की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। डॉक्टर्स ने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं को पेट के बल लेटकर मरीज का ऑक्सीजन लेवल सही करने की प्रक्रिया को सिखाया। डॉक्टर्स ने बताया कि प्रोनिंग की सहायता से हम अपने शरीर का ऑक्सीजन लेवल मेंटेन कर सकते है। जो व्यक्रि संक्रमित हैं, होम आइसोलेशन में हैं और ऑक्सीजन का लेवल 94 से कम होने पर सांस लेने में दिक्कत हो रही है, उन्हें प्रोनिंग से काफी आराम मिलेगा। प्रोनिंग प्रक्रिया से फेफड़ों में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और ऑक्सीजन आसानी से फेफड़ों तक पहुंचती है। स्टॉफ को जानकारी दी गई कि जब किसी कोरोना पॉजीटिव मरीज या कोई व्यक्ति को सांस लेने में दिक्कत हो और उसका ऑक्सीजन का स्तर 94 से कम हो। तो उसे प्रोनिंग की विधि समझाएं। मौजूदा संकट में सही समय पर प्रोनिंग बहुत मददगार है।

