पीलीबंगा विधायक धर्मेंद्र मोची ने खुद के विधानसभा क्षेत्र में 18 से ऊपर आयु वर्ग के वैक्सीनेशन के लिए विधायक कोष से दिए सवा करोड़ रूपए
हनुमानगढ़, 04 मई। पीलीबंगा विधायक धर्मेन्द्र मोची ने पीलीबंगा विधानसभा क्षेत्र में 18 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग के लोगों के कोरोना वैक्सीनेशन हेतु विधायक कोष से इस बार बढाए गए अतिरिक्त 3 करोड़ में से सवा करोड़ रूपए देने की अनुशंसा की है। माननीय मुख्यमंत्री के नाम लिखे पत्र में श्री मोची ने लिखा है कि कोरोना महामारी ने विश्व के किसी भी कोने को नहीं छोड़ा है। अभी वर्तमान में कोरोना की दूसरी लहर इतनी भयंकर है कि हमारे सभी संसाधन इसके आगे एक बार के लिए असहाय पड़ गए हैं तथा प्रशासन व सरकारों द्वारा किए जा रहे प्रयास भी कम पड़ रहे हैं। अभी कोरोना संक्रमण बहुत तेज़ी से फैल रहा है जिसकी चैन टूटना अत्यंत आवश्यक है परंतु इस महामारी से बचने के लिए जल्द से जल्द वैक्सीनेशन किया जाना ही सबसे कारगर उपाय है। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में उन्होने लिखा है कि मुझे इस बात की ख़ुशी है की 45 से ऊपर आयु वर्ग के वैक्सीनेशन में हमारा प्रदेश अग्रिम प्रदेशों में रहा है साथ ही 1 मई से 18 से ऊपर आयु वर्ग के लिए वेक्सीनेशन का अभियान प्रारम्भ हुआ है मुझे विश्वास है की इसमें में भी हमारा प्रदेश अव्वल रहेगा। इस कोरोना महामारी से बचाव हेतु मेनें पूर्व में भी विधायक कोष से लग भग 50.5 लाख रुपए ज़िला चिकित्सालय हनुमानगढ़, पीलीबंगा, रावतसर, गोलूवाला व डबली चिकित्सालयों के लिए दिए हैं तथा अब भी मेरे द्वारा प्रयास किया जा रहा है की मेरे विधानसभा क्षैत्र के किसी भी चिकित्सालय में संसाधनों का अभाव न हो। हमारे उप-नेता प्रतिपक्ष श्री राजेंद्र राठौड़ ने इस वर्ष विधायक कोष में बढ़ाए गए 3 करोड़ रुपए इस कार्य में लगाने का बहुमूल्य सुझाव आपको भी प्रदेश हित में आपको दिया है तथा 1 मई को अभियान की शुरुआत में अपने सम्बोधन में आपने विधायकों से इस हेतु अनुशंसा का आह्वान भी किया है।मान्यवर मेरे पीलीबंगा विधानसभा क्षेत्र की कुल आबादी में बहुसंख्य आबादी इसी युवा वर्ग की है और यह युवा आबादी हमारे पीलीबंगा क्षेत्र ही नहीं प्रदेश व देश का भविष्य है व इसका कोरोना संक्रमण से बचा रहना बहुत आवश्यक है इसलिए 1 मई से शुरू हुए इस अभियान के शुरुआती दौर में हमारे पीलीबंगा विधानसभा क्षेत्र के 18 से ऊपर आयु वर्ग के वैक्सीनेशन हेतु मेरे विधायक कोश से इस वर्ष बढ़ाए गए अतिरिक्त 3 करोड़ में से 1.25 करोड़ की अनुशंसा करता हूं।

