▪️मशहूर कॉमेडियन ख्याली सहारण कोरोना पॉजिटिव, सभी से मुख्यमंत्री की ''नो मास्क, नो मूवमेंट'' अपील की पालना सुनिश्चित करने की गुजारिश की
▪️लाफ्टर चैंलेज विजेता और मशहूर कॉमेडियन श्री ख्याली सहारण ने एक ऑडियो जारी कर जिले के लोगों से की अपील
▪️45 वर्ष से ज्यादा उम्र के लोगों को कोरोना का टीका लगाने की भी अपील की
हनुमानगढ़, 24 अप्रैल। लाफ्टर चैंलेज विजेता और मशहूर कॉमेडियन श्री ख्याली सहारण कोरोना पॉजिटिव हैं और वर्तमान में रावतसर में अपने निवास स्थान पर होम क्वारेंटीन है। इस दौरान श्री सहारण ने शनिवार को एक ऑडियो जारी कर लोगों से मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की नो मास्क, नो मूवमेंट अपील की पालना सुनिश्चित करने की गुजारिश की है। ऑडियो में श्री सहारण लोगों से कह रहे हैं कि घर में रहें, सुरक्षित रहें। अति आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। घर से बाहर निकलते समय मास्क जरूर लगाएं। बिना मास्क घर से एक कदम भी बाहर ना रखें। साथ ही वे ऑडियो में बता रहे हैं कि उन्होने करीब 10-12 दिन पहले ही कोरोना का टीका लगाया है। इसका फायदा ये हुआ कि कोरोना पॉजिटिव होने के बावजूद उन्हें ज्यादा दिक्कत नहीं है। औऱ वे घर में ही क्वारेंटीन हैं। ऑडियो में वे 45 वर्ष से ज्यादा उम्र के लोगों से अपील कर रहे हैं वे कोरोना का टीका अवश्य लगाएं ताकि अगर कोरोना हो भी जाए तो उसका प्रभाव कम से कम हो औऱ वे जल्द ठीक हो जाएं। श्री ख्याली सहारण ने सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी श्री सुरेश बिश्नोई को बताया कि वे मुंबई से रावतसर एक सीरियल भूपसिंह पटवारी की शूटिंग करने के लिए 17 अप्रैल को ही रावतसर पहुंचे थे। एक दो दिन शूटिंग करने के बाद उन्हें हल्का खांसी जुकाम फील हुआ तो पहले तो खुद को होम क्वारेंटीन कर लिया और फिर कोरोना सैंपल भी दे दिया।शनिवार सुबह कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो उसके बाद खुद को रावतसर में निजी आवास पर ही होम क्वारेंटीन किया हुआ है। ईलाज भी जारी है। कोरोना सैंपल रिपोर्ट में साथियों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। श्री सहारण ने बताया कि वे खुद को होम क्वारेंटीन के दौरान समय का सदुपयोग करते हुए लोगों से अलग अलग अपील करने के साथ साथ कुछ क्रिएटिव करने की सोच रहे हैं। ताकि लोगों को कोरोना से बचाव को लेकर कुछ महत्पपूर्ण जानकारियां शेयर की जा सकें।

