नोहर, 20 अप्रैल। कोरोना संक्रमण के इस दौर में नोहर निवासी मनोज चाचाण ने मानवता व समाजसेवा कि अनुठी मिशाल पेश की है। जो अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्त्रोत बन गई है। कोरोना महामारी से जनमानस को बचाने के लिए खाना बांटने, दान करने के बारे में तो खूब सुना होगा। मगर नोहर निवासी व अलवर में एक निजी अस्पताल के मालिक मनोज चाचाण ने कलेक्टर के कहने पर अपना निजी हॉस्पिटल कोरोना के मरीजों के इलाज के लिए प्रशासन को सौंप दिया। इससे भी कहीं बढक़र बात यह है कि मालिक खुद ही अस्पताल की साफ-सफाई में जुट गए। ताकि जल्दी से जल्दी काम पूरा हो सके। अब इसी अस्पताल में जिले भर के कोरोना के मरीजों का इलाज होगा। आगामी एक-दो दिन में यहां मरीजों को भर्ती किए जाने की तैयारी है।
अलवर के लॉडर्स हॉस्पिटल के मालिक है मनोज चाचाण
मनोज चाचाण अलवर के चिकानी रोड़ स्थित लॉड्र्स हॉस्पिटल के मालिक हैं। एक दिन पहले ही उन्होंने अपना हॉस्पिटल अलवर प्रशासन को सौंपा है। अब यह अलवर का कोरोना डेडिकेटेड हॉस्पिटल हो गया है। मुख्य रूप से कोरोना के मरीजों को यहीं इलाज मिलेगा।
सादगी इतनी कि खुद ही जुट गये सफाई कार्य में
प्रशासन को अस्पताल सौंपने से पहले खुद मनोज चाचाण इसकी साफ-सफाई में लग गए। वे बिल्डर भी हैं। यूनिवर्सिटी व कॉलेज भी चलाते हैं। हॉस्पिटल के सफाईकर्मियों ने बताया कि मनोज चाचाण ने सफाई के काम की गति धीमी देखी तो खुद ही वाइपर-बाल्टी उठा ली। पहले बरामदे को साफ किया। इसके बाद शौचालय की सफाई में जुट गए। फिर वार्डों में सफाई की। उन्हें देखकर सफाईकर्मी भी जोर-शोर से जुट गए। जैसे ही मनोज चाचान ने वाइपर उठाया और सफाई की शुरुआत की तो सफाईकर्मी बोल पड़े- अरे साब। आप सफाई करेंगे। तब भी चाचाण यही कहते रहे कि यह हम सबका हॉस्पिटल है। सब मिलकर सफाई करेंगे तो क्या बुरा है। जल्दी सफाई हो जाएगी। यहां आने वाले कोरोना के मरीजों को अच्छा माहौल मिलेगा। वे जल्दी ठीक होंगे। वेंटिलेशन और हवा मिलेगी तो कोरोना संक्रमण कम फैलेगा। तभी हम इस महामारी से निजात पा सकेंगे।
पहले भी प्रशासन को सोंपा था होस्पिटल
300 बैड के इस होस्पिटल को मनोज चाचाण ने कोरोना की पहली लहर में भी प्रशासन को सोंपा था। उस समय भी मनोज चाचाण ने कलेक्टर के कहने के तुरंत बाद इसे अस्पताल प्रशासन को सौंप दिया था। चाचाण का कहना है कि यहां आने वाले मरीजों की सेवा करने के लिए उनके अस्पताल के भी एक-दो सदस्य रहेंगे। नि:शुल्क सेवा पहले भी की है, आगे भी करते रहेंगे।
विधायक अमित चाचाण ने की सराहना की
नोहर निवासी मनोज चाचाण कि इस अभिनव पहल की नोहर विधायक अमित चाचाण ने जमकर सराहना की है। विधायक अमित चाचाण ने बताया कि देश के कोने-कोने में बसे नोहर के प्रवासियों ने संकट के हर समय आगे बढक़र पीडि़त मानवता की सेवा की है। उन्होंने बताया कि पूरे नोहर क्षेत्र को मनोज चाचाण कि इस पहल पर गर्व है।

