स्वतंत्रता की 75 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में ''आजादी के अमृत महोत्सव'' का शांति मार्च से हुआ आगाज
हनुमानगढ़, 12 मार्च। भारत की स्वतंत्रता की 75 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आजादी के अमृत महोत्सव की शुरूआत जिले में शुक्रवार को शांति मार्च के आयोजन से हुई। दांडी मार्च दिवस 12 मार्च को शांति मार्च का आयोजन जंक्शन स्थित कलेक्ट्रेट परिसर से अंबेडकर चौक तक किया गया। शांति मार्च से पहले कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर श्री जाकिर हुसैन ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता की 75 वीं वर्षगांठ को लेकर आजादी के अमृत महोत्सव की शुरूआत दांडी मार्च की वर्षगांठ के अवसर पर शांति मार्च से की गई है जो अगस्त 2023 तक चलेगा। आजादी के आंदोलन में आम आदमी को शामिल करने के लिए दांडी मार्च का बहुत बड़ा योगदान है। सविनय अवज्ञा आंदोलन और दांडी मार्च के जरिए शांतिपूर्वक तरीके से कानून को तोड़ा गया। जिला कलक्टर ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को गांधीजी की शिक्षाओं शांति, अहिंसा, अपरिग्रह इत्यादि के बारे में जानकारी देना है। गांधीजी की ये शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। लोग इन्हें अपने जीवन में अपनाएं। जिला कलक्टर ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित की गई गांधीजी की मूर्ति निर्माण में सहयोग के लिए नगर परिषद चेयरमैन का धन्यवाद भी ज्ञापित किया।
पूरा विश्व आज गांधी दर्शन को मानता है, आने वाली पीढ़ी को भी इससे अवगत करवाएं- श्रवण तंवर
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती वर्ष को लेकर गठित की गई जिला स्तरीय समिति के संयोजक श्री श्रवण तंवर ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज महात्मा गांधी के दर्शन को पूरा विश्व मानता है। आने वाली पीढ़ी को गांधी दर्शन से अवगत करवाएं। आज भी गांधीजी के द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने और आत्मसात करने की आवश्यता है। इससे जीवन में खुशियां मिलेंगी। तंवर ने कलेक्ट्रेट परिसर में गांधीजी की मूर्ति स्थापित करवाने को लेकर जिला कलक्टर श्री जाकिर हुसैन का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जिला कलक्टर ने स्वप्रेरित होकर कलेक्ट्रेट परिसर में जयपुर सचिवालय परिसर में स्थापित की गई मूर्ति के समकक्ष मूर्ति का निर्माण यहां करवाया है। इस मूर्ति से लोगों को गांधीजी दर्शन पर चलने की प्रेरणा मिलेगी।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती वर्ष को लेकर गठित की गई जिला स्तरीय समिति के सहसंयोजक तरूण विजय ने अपने उद्बोधन में कहा कि देश की आजादी के लिए महात्मा गांधी ने दांडी मार्च की यात्रा निकाली थी। भारत की आजादी में दांडी मार्च यात्रा का बहुत बड़ा योगदान रहा था। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को आज केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरा विश्व मानता है। उनके द्वारा बताए गए शांति, अहिंसा इत्यादि के संदेश आज भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं जितने पहले थे। कार्यक्रम में मंच संचालन लेक्चरर श्री सुल्तान सहू ने की। सहू ने गांधी की दांडी मार्च और गांधी की शिक्षाओं के बारे में विस्तार से बताया।
जिला कलक्टर जाकिर हुसैन के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर से अंबेडकर चौक तक आयोजित किया गया शांति मार्च
शांति मार्च जिला कलकेट्रेट परिसर से रवाना होकर श्री परशुराम चौक, लाल चौक होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचा। जहां समापन पर डेयरी की ओर से फ्लेवर्ड मिल्क की निशुल्क व्यवस्था की गई थी। शांति मार्च को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम और समापन स्थल अंबेडकर चौक पर महिला एवं बाल विकास विभाग की महिला पर्यवेक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, इत्यादि ने भव्य रंगोली बनाई। जिनका सभी अतिथियों ने अवलोकन किया। शांति मार्च के दौरान राजीव गांधी स्टेडियम में 10 किलोमीटर दौड की तैयारी कर रहे छात्र श्री अभिषेक ने गांधी का रूप धारण किया। कार्यक्रम की खास बात ये भी रही कि शांति मार्च में शामिल हुए जिला कलक्टर समेत ज्यादातर अतिथियों ने सफेद वस्त्र और गांधी टॉपी धारण कर रखी थी। साथ ही सभी ने सफेद मास्क भी लगाया हुआ था। गांधी जयंती की 150 वीं जयंती को लेकर गठित जिला स्तरीय समिति के संयोजक श्रवण तंवर व सहसंयोजक और राज्य जूडो संघ के कोषाध्यक्ष तरूण विजय ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित सभी कार्यक्रमों में जिला स्तरीय समिति और ब्लॉक स्तरीय समिति पूरा सहयोग करेगी।
कार्यक्रम में ये हुए शामिल-
शांति मार्च के आयोजन में जिला कलक्टर जाकिर हुसैन, जिला प्रमुख श्रीमती कविता मेघवाल, नगर परिषद सभापति गणेशराज बंसल, उपसभापति श्री अनिल खीचड़, भूपेन्द्र चौधरी, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती वर्ष को लेकर गठित की गई जिला स्तरीय समिति के संयोजक श्रवण तंवर, सहसंयोजक तरूण विजय, पार्षद सुमित रिणवा, पार्षद गुरदीप चहल, सौरभ राठौड़, एडीएम अशोक असीजा, सीईओ जिला परिषद रामनिवास जाट, एडीश्नल एसपी जस्साराम बोस, एसडीएम कपिल यादव, डीएसओ राकेश न्यौल, आबकारी अधिकारी सीएल मीणा, पीआरओ सुरेश बिश्नोई, सीएमएचओ डॉ नवनीत शर्मा, जीएम डीआईसी आकाशदीप सिद्दू, पीडब्ल्यूडी के एसई गुरनाम सिंह, एसई बिजली मांगेराम बिश्नोई, नगर परिषद के अधिशाषी अभियंता सुभाष बंसल, डीईओ प्रारंभिक रामेश्वर लाल, एडीईओ माध्यमिक रणवीर शर्मा, जंक्शन थाना इंचार्ज नरेश गेरा, महिला थानाधिकारी मोनिका बिश्नोई, सीओ स्काउट भारत भूषण, कलेक्ट्रेट के ओएस बृजमोहन सोखल, कलेक्टर के पीए पवन कुमार, जिला परिषद से पदमेश सिहाग, खेल विभाग से ओमप्रकाश सैन समेत स्काउट गाइड के वॉलेटिंयर्स, एएनएम ट्रेनिंग सेंटर की छात्राएं, महिला पर्यवेक्षक समेत आंगनबाडी़ की कार्यकर्ता, सहायिका इत्यादि ने भी हिस्सा लिया।



