नोहर, 13 जनवरी। क्षेत्र के गांव अरडक़ी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में नशा मुक्ति अभियान के तहत ऑपरेशन संजीवनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिसकी अध्यक्षता प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम दास शर्मा ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच प्रतिनिधि भादर गिर गोस्वामी व पुलिस विभाग की ओर से श्रीपाला राम हवलदार एवं बीट कांस्टेबल संदीप शर्मा उपस्थित रहे। इस मौके पर वरिष्ठ अध्यापक ओम प्रकाश चाहर ने युवाओं में बढ़ते जा रहे नशे की प्रवृत्ति की रोकथाम हेतु जन जागरूकता कि महत्ती आवश्यकता पर बल दिया। प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम दास शर्मा ने क्षेत्र में बढ़ते चिट्टे के नशे पर चिंता जताते हुए नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। अन्य वक्ताओं ने नशे को देश व समाज कि उन्नति में बाधक बताते हुए कहा कि नशा अपराधों को बढ़ाता है। इस मौके पर उपसरपंच, समस्त वार्ड पंच, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित अनेक ग्रामीण व विद्यालय स्टाफ उपस्थित था। इसके अलावा अभिभावक अध्यापक परिषद की बैठक का भी आयोजन किया गया। जिसमें आगामी 18 जनवरी से विद्यालयों में कोविड-19 से संबंधित गाइडलाइन के अनुसार विद्यालय संचालन के बारे में विस्तार से बताया गया। बैठक में विद्यार्थियों को मास्क लगाकर के आना, भौतिक दूरी बनाए रखना अपने सामान को किसी के साथ शेयर नहीं करना और विद्यालय प्रांगण को सैनिटाइज करना, विद्यार्थियों के प्रवेश के समय थर्मल स्कैनर से तापमान नोट करना आदि के बारे में विस्तार से बताया गया। बैठक में विद्यार्थियों के सुचारू अध्ययन-अध्यापन के लिए कोविड-19 की गाइड लाइन के अनुसार ही समस्त कार्यक्रम करने पर विचार किया गया। कार्यक्रम का संचालन हरिश शर्मा ने किया।


