वृद्ध कि ईंटो व लाठियों से पीट-पीटकर हत्या करने का मामला
नोहर,14 दिसम्बर। आपसी विवाद के चलते एक वृद्ध कि ईंटो व लाठियों से पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मामला क्षेत्र के गांव श्योरानी का है। पुलिस ने इस संबंध में मृतक के भाई के दो पुत्रो के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्योरानी गांव निवासी बलराम मेघवाल ने नोहर पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज कराया है कि उसके पिता श्योकरण मेघवाल का अपने भाई के पुत्र रायचंद पुत्र कृष्ण कुमार व मुकेश पुत्र कृष्ण कुमार के साथ विवाद चल रहा था। दोपहर को उसके पिता श्योकरण घर के पास खड़े थे। तभी रायचंद व मुकेश कुमार ने एक राय होकर उसके पिता पर जान से मारने की नीयत से पीछे से आकर ईंटो व लाठी से हमला किया। शौर-शराबा सुनकर परिवारजन व आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। जिसके बाद आरोपित मौके पर से फरार हो गये।
हमले में 62 वर्षीय श्योकरण मेघवाल के सिर व शरीर के अन्य भागों में काफी चोटे आई। श्योकरण को तुरंत राजकीय चिकित्सालय में लाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे सिरसा रैफर कर दिया गया। जहां रास्ते में श्योकरण की मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी सुदर्शन बिश्रोई मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रायचंद व मुकेश कुमार दोनो सगे भाईयों के खिलाफ भादसं की धारा 302 सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।




