नोहर विधायक अमित चाचाण ने राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की।
नोहर,15 दिसम्बर। नोहर विधायक अमित चाचाण ने राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पंचायत चुनावों में नोहर क्षेत्र में कांग्रेस की सफलता पर विधायक अमित चाचाण को बधाई दी। इस अवसर पर विधायक अमित चाचाण ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से क्षेत्र की सिंचाई संबंधी समस्याओं के अलावा अन्य विषयों पर चर्चा की।
इसके अलावा विधायक अमित चाचाण ने मुख्यमंत्री को ज्वलंत समस्या सिंचाई पानी चोरी के मामले के बारे में अवगत कराते हुए सिंचाई पानी चोरी पर प्रभावी कार्यवाही के लिये अलग से पुलिस थाना गठित करने की मांग की। विधायक ने बताया कि सिंचाई पानी चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिये अलग से पुलिस थाना गठित करने से ही इस पर रोक संभव है। इसके अलावा विधायक अमित चाचाण ने बकाया चकबंदी सर्वे का कार्य शीघ्र पूरा करवाने के संबंध मेें मुख्यमंत्री को बताया। इस मौके पर विधायक ने मुख्यमंत्री को नोहर क्षेत्र में किसानों द्वारा सिंचाई पानी के संबंध में चल रहे आन्दोलन के बारे में भी अवगत कराया।
विधायक ने बताया कि नहर में पीछे पानी चोरी कि निरंतर घटनाए होने से क्षेत्र के काश्तकारों को टेल तक पूरा पानी नही मिल रहा है। रासलाना वितरिका के गत रेगुलेशन में टेल के किसानों को सिंचाई पानी से वंचित होना पड़ा। इस मौके पर विधायक अमित चाचाण ने क्षेत्र की सडक़ों के अलावा पेयजल समस्याओं के संबंध में भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने समस्याओं के निस्तारण के संबंध में शीघ्र प्रभावी कार्यवाही करने की बात कही।






