टीकाकरण को लेकर ब्लॉक स्तरीय कोविड वैक्सीन आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित

हनुमानगढ़। कोविड-19 टीकाकरण की तैयारियों को लेकर चिकित्सा विभाग में तैयारियां जोरों पर है। टीकाकरण को लेकर विभाग द्वारा विभागीय एवं अन्य कार्यशालाएं आयोजित कर कोविड-19 वैक्सीन के लगाए जाने के सम्बंध जागरूक किया जा रहा है। इस कड़ी में बुधवार को जिला कलक्ट्रेट परिसर के सभागार में जनप्रतिनिधियों की कोविड वैक्सीन आमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन जिला कलक्टर  जाकिर हुसैन की अध्यक्षता में किया गया। कार्यशाला के दौरान जिला कलक्टर में कहा कि जनप्रतिनिधि आमजन और समाज के बीच की अहम कड़ी होते हैं। जनहित के किसी भी कार्य को बिना जनप्रतिनिधियों के सहयोग पूरा नही किया जा सकता। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शीघ्र ही कोविड वैक्सीन लगाने सम्बन्धी निर्देश प्राप्त हुए हैं। वैक्सीन प्राप्त करने से लेकर वैक्सीन लगने तक के सभी स्तरों पर किए जाने वाले कार्यों की रूप-रेखा बनाकर सभी आवश्यक इंतजामात किए जा रहे हैं।
टीकाकरण के लिए रजिस्ट्रेशन करवाना होगा अनिवार्य
 कोविड टीकाकरण के लिए पंजीकरण करवाना अनिवार्य होगा, पंजीकरण में आधार कार्ड को छोड़कर अन्य आवश्यक दस्तावेज से दर्ज करवाया जा सकेगा। टीकाकरण के समय उस दस्तावेज का अपने पास होना भी अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के लिए भवनों का चयन कर उनकी भौतिक स्थिति का अवलोकन अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है उन्होंने सभी प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि गाँवो में छोटी छोटी बैठक आयोजित कर आमजन को कोविड वैक्सिनेशन के बारे में जागरूक करे। इस कार्य के सहायता हेतु उस क्षेत्र की एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, तथा आशा सहयोगिनी भी सहायता हेतु साथ रहेगी। उन्होंने कहा कि कोविड वैक्सीन को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रामकता समाज मे न फैले। टीकाकरण के लिये जिले में पर्याप्त प्रशिक्षित टीकाकर्मी तथा वैक्सीन भंडारण हेतु पर्याप्त संख्या में कोल्ड चौन पॉइंट्स है।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरूण कुमार ने कहा कि जिले में पर्याप्त कोल्ड चैन पोइंट्स है। उन्होंने कहा कि जिले में वैक्सीन भण्डारण के लिए पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है, जिसमे जिला स्तर पर जिला वैक्सीन भंडार तथा कुल 53 कोल्ड चैन पॉईन्ट्स स्थित हैं। साथ नवीन कोल्ड चौन पोइंट्स स्थापित करने हेतु प्रस्ताव भेजे हुए हैं। टीकाकरण के लिए जिले में हर स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए हैं। टीकाकरण में भ्रांति उत्पन्न न हो। कार्यशाला में जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रमसिंह ने सभी प्रतिभागियों को पीपीटी के माध्यम से कोविड वैक्सीन के सम्बंध में पूर्ण जानकारी दी। साथ ही जनप्रतिनिधियों के सवालों का जवाब दिया गया। ब्लॉक सीएमएचओ डॉ ज्योति धींगड़ा ने बताया कि हैल्थ वर्कर्स का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। उन्होने सभी प्राइवेट अस्पतालों से भी निवेदन किया है कि वे अपने यहां कार्य करने वाले सभी लोगों की सूची ब्लॉक सीएमएचओ को उपलब्ध करवाए ताकि सबसे पहले उनका टीकाकऱण हो सके। साथ ही बताया कि हनुमानगढ़ के बाद गुरूवार को बाकि सभी ब्लॉक मुख्यालय पर ये कोविड वैक्सीन आमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।  
चार चरणों मे होगा टीकाकरण
डीएनओ सुदेश जांगिड़ ने वीसी में कोविड-19 वैक्सीन के संबंध में समस्त जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पहले चरण में हैल्थ वर्कर्स, फ्रन्ट लाइन वर्कर्स जैसे पुलिस, नगरीय निकाय वर्कर्स, सिविल एडमिनिस्ट्रेटिव। इसके बाद दूसरे चरण में 50 वर्ष के अधिक उम्र के व्यक्ति तथा तीसरे चरण में 50 वर्ष से कम के व्यक्तियों को टीका लगाया जाएगा, जो कि गंभीर बीमारियों से ग्रस्त हो। इसके बाद अन्य लोगों का टीकाकरण होगा। टीकाकरण दिवस पर प्रत्येक सेशन साइट पर 5 व्यक्ति मौजूद रहेंगे। जिसमे सुरक्षाकर्मी,एक टीकाकरण कर्मी, सोशल मोबिलाइजर, ऑब्जर्वर तथा सहायता के लिए एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद होगा।