एक परिवार एक रजाई प्रोजेक्ट की शुरुआत

नोहर,23 दिसम्बर। सवेरा सेवा संस्थान ने प्रतिवर्ष सर्दी में संचालित किए जाने वाले ‘एक परिवार एक रजाई’ प्रोजेक्ट को आज प्रारंभ किया गया। प्रोजेक्ट को शुरुआत करते हुए सरिया कला केंद्र की संचालिका समाज सेविका सुमन मोदी ने इस अवसर पर कहा कि जीवन की भागदौड़ में अभाव ग्रस्त व्यक्ति तक पहुंच पाना कठिन है लेकिन हमे अभिमान ही नहीं बल्कि गर्व है कि कस्बे की  सवेरा सेवा  संस्था जरूरतमंद तक वस्तु को पहुंचा कर उसके जीवन में नया सवेरा लाने का प्रयास कर रही है। इस मौके पर सुमन मोदी ने सवेरा सेवा संस्था के सवेरा हेल्प हब में सरिया कला केंद्र की संस्थापक श्रीमति शोभा सरिया के जन्मदिवस पर जरूरतमंदों हेतु गर्म कंबल भी समर्पित किए।

ज्ञात रहे संस्था द्वारा विगत 4 वर्षों में कस्बे के घरों में अनुपयोगी वस्त्र, कंबल, चद्दर, बूट आदि इकठ्ठे कर रही है एवं आज तक संस्था के माध्यम से लगभग एक लाख की संख्या में वितरित कर जरूरतमंदों को राहत दी जा चुकी है। सवेरियन गुरप्रीत चहल ने एक परिवार एक रजाई प्रोजेक्ट के बारे में बताते हुए कहा कि प्रतिवर्ष कस्बे के दानदाता के सहयोग से रजाई प्राप्त कर विशेष चिन्हित जरूरतमंद महिला को बांटे जाने वाली रजाई के साथ संस्था इस वर्ष 1000 रजाई वितरण करने का अपना लक्ष्य पूर्ण कर लेगी। इस मौके संस्था में अपने जन्मदिवस पर पधारे शशिकांत बागड़ी ने इक्यावन रजाई संस्था को समर्पित कर कहा कि संस्था के द्वारा वास्तविक जरूरतमंद तक वस्तु को पहुंचाया जा रहा है जो सराहनीय एवं काबिले तारीफ है। इस अवसर पर मयंक मोदी, सुशीला गढ़ीवाल, श्रीमती अनु बागड़ी, केशव बागड़ी सहित सवेरियन हरीसिंह छिंपा,भूषण बहड़ मुरलीधर छिंपा आदि उपस्थित रहे। सवेरा के रफीक चौहान ने सभी का आभार व्यक्त किया