नोहर, भादरा में नहरी पानी चोरों की अब खैर नहीं। सिद्धमुख और रासलाना वितरिका की करीब 80 किलोमीटर लंबी नहर पर पुलिस, प्रशासन और सिंचाई विभाग की 30 टीमें पानी चोरों पर 24 घंटे निगरानी रखने के साथ-साथ प्रभावी कार्रवाई भी करेगी। इसके अलावा जिला कलक्टर, एसपी समेत आलाधिकारियों की टीमें नहर के रेगुलेशन 12 से 20 जनवरी के दौरान 11, 15 और 19 जनवरी को औचक निरीक्षण के अलावा फ्लैगमार्च भी करेंगी। झांसल और घेहू में पानी चोरों पर शिकंजा कसने के लिए अतिरिक्त टीमें लगाई जाएगी। पानी चोरों के साथ मिलीभगत के चलते जिला कलक्टर ने भादरा में सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता कार्यालय के विभाग के एक कर्मचारी मदन को तुरंत प्रभाव से हटाने के अलावा नहरों की सिल्ट निकालने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस की मोबाइल टीमें और मजिस्ट्रेट मोबाइल टीमें अलग से मॉनिटरिंग व गश्त करेंगी। नोहर-भादरा के सिद्धमुख-रासलाना वितरिका में नहरी पानी चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर जिला कलक्टर श्री जाकिर हुसैन की अध्यक्षता में बुधवार शाम को कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में ये निर्णय़ लिए गए। ढाई घंटे चली बैठक में नोहर विधायक श्री अमित चाचाण और नोहर प्रधान श्री सोहन ढील समेत नोहर, भादरा के प्रशासन और पुलिस के आलाधिकारी भी शामिल थे।

