नोहर,23 दिसम्बर। दहेज में 20 लाख रुपए लाने की बात कह प्रताडि़त करने से परेशान होकर विवाहिता की ओर से फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है।
इस सम्बन्ध में नोहर थाने में मृतका के पति, सास, ननद व ननदोई के खिलाफ दहेज के लिए तंग-परेशान करने, दहेज हत्या व आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप सम्बन्धी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद विवाहिता का शव पीहर पक्ष को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार श्यामसुन्दर पुत्र बजरंगलाल महाजन निवासी गली नम्बर 3, न्यू भारत नगर भिवानी हरियाणा ने नोहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी छोटी बहन कविता (39) की शादी वर्ष 2011 में प्रवीण बंसल पुत्र कुरड़ाराम बंसल निवासी नोहर के साथ हुई थी। शादी में कविता के पति, सास कैलाशो, ननद सुमन, ननदोई श्यामलाल की मांग के अनुसार स्त्रीधन में नकद रुपए, सोने-चांदी के आभूषण, फर्नीचर व इलेक्ट्रॉनिक्स सामान, कपड़े व बर्तन वगैरा दिए थे। शादी के बाद कविता को उसका पति, सास, ननद व ननदोई दहेज में रुपयों की मांग कर तंग-परेशान व मारपीट कर शारीरिक व मानसिक रुप से प्रताडि़त करने लगे। प्रवीण बंसल, कैलाशो, सुमन, श्यामलाल पिछले कुछ दिनों से कविता से कहते आ रहे थे कि हमें अपने मायके से बीस लाख रुपए लाकर दो। वे कहते थे कि प्रवीण बंसल के व्यापार में नुकसान हुआ है इसलिए रुपए तुम्हारे पीहर से लाकर दो। धमकी देते थे कि दहेज में बीस लाख रुपए नहीं दिए तो वे उसकी हत्या कर देंगे। मंगलवार सुबह उसकी बहन कविता ने उसकी माता के मोबाइल नम्बर पर फोन कर कहा कि उसका पति, सास, ननद व ननदोई कल से दहेज में बीस लाख रुपयों की मांग कर तंग-परेशान व मारपीट कर रहे हैं। तब कविता फोन पर रो रही थी और इन लोगों से काफी दुखी थी। इसके बाद कविता ने अपने पति प्रवीण बंसल, सास कैलाशो, ननद सुमन व ननदोई श्यामसुन्दर से दु:खी होकर फांसी लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। श्यामसुन्दर के अनुसार अनुसार उसकी बहन कविता को उसके पति, सास, ननद व ननदोई ने मरने के लिए मजबूर किया। इनसे परेशान होकर कविता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतका के भाई की रिपोर्ट के आधार पर आईपीसी की धारा 498ए, 304बी, 306, 34 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच नोहर सीओ महेन्द्र सिंह राजवी कर रहे हैं। वही इस मामले को लेकर शव ले जाने की बात हुई तो ससुराल पक्ष व पीहर पक्ष के लोगों में विवाद हो गया। आरोप है कि पीहर पक्ष के लोगो के साथ धक्का-मुक्की की व मारपीट भी की। शव लेने आई एम्बूलेंस को भी दो बार भगा दिया गया। बाद में पुलिस की मौजदूगी में पीहर पक्ष के लोग मृतका के शव को ले गये।