कृषि मंत्री लालचन्द कटारिया ने किया किसानों से संवाद

नोहर,29 दिसम्बर। किसानों की आय दोगुनी करने की बात करने वाली केन्द्र सरकार किसानों को कमजोर करने में लगी हुई है। प्रजातंत्र को मजबूत करने वाले किसान के साथ केन्द्र सरकार छलावा कर रही है। यह बात राज्य के कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने मंगलवार को यहां रामा मैरिज पैलेस में नोहर-भादरा विधानसभा क्षेत्र के किसानों के साथ संवाद कार्यक्रम में कही। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता नोहर विधायक अमित चाचाण ने की। किसानों के साथ संवाद करते हुए कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने कहा कि किसान ने सदैव देश के विकास को गति दी है। मगर केन्द्र सरकार द्वारा कृषि के संबंध में लाये गये तीनों कानून केवल पंूजीपतियों को लाभ पहुंचायेगें। उन्होंने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार केवल पंूजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए योजनाए व कानून ला रही है। किसान की आवाज को दबाया जा रहा है। 
https://youtu.be/MmiXttrSI80
इन तीन नये कानूनों से केवल औद्योगिक घरानों को ही लाभ होगा। उन्होंने कहा कि लाये गये कानूनों में केन्द्र सरकार ने स्टॉक सीमा को समाप्त कर दिया है। कॉन्टेक्ट फॉर्मिंग के तहत बड़े-बड़े पंूजीपति किसानों की जमीन को लीज पर लेकर फसल का उत्पादन करवायेगें। उन्होंने कहा कि लाये गये बिल में इस तरीके कि व्यवस्था कि गई है कि किसान किसी भी स्थिति में न्यायालय नही जा सकेगा। कटारिया ने कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। राज्य भर में किसानों के साथ संवाद किया जा रहा है। इस हाड कंपा देने वाली ठंड में देश का अन्नदाता पिछलें 35 दिनों से दिल्ली के बॉर्डर पर बैठा है। मगर केन्द्र सरकार उनकी बात सुनने तक तैयार नही है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय और कठिन होगा। उन्होंने जीयो सिम का उदाहरण बताते हुए किसानों से कहा कि जैसे जीयो सिम ने उपभोक्ताओं को फ्री का लालच देकर सिम बेची और बाद में मुंह मांगे दाम वसूले। इसी तरह किसानों के साथ किया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने राज्य सरकार द्वारा किसानों के लिए शुरू कि गई योजनाओं की भी जानकारी दी। इस मौके पर विधायक अमित चाचाण ने केन्द्र सरकार द्वारा लागू किये गये तीनों कृषि कानूनों को किसान विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि केन्द्र में बैठी सरकार किसान को कमजोर करने का काम रही है। इस कानून के लागू होने से किसानों के साथ-साथ व्यापारी, मंडी  में काम कर अपना परिवार पालने वाले मजदूरों के अलावा इससे संबंधित लोग पूरी तरह से प्रभावित होगें। विधायक ने केन्द्र सरकार पर झूठे वायदे कर सत्ता हासिल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले देश के नागरिकों से 15 लाख रुपये खाते में डालने का झूठा वायदा किया गया और अब कृषि कानूनों के माध्यम से किसान को तबाह करने का काम किया जा रहा है। इस मौके पर विधायक ने बकाया फसल बीमा क्लेम की समस्या के संबंध में कृषि मंत्री को अवगत कराया। इससे पूर्व कृषि मंत्री के यहां नोहर पहुंचने पर विधायक अमित चाचाण के निवास पर कार्यकर्ताओं द्वारा अभिनंदन एवं स्वागत किया गया। किसान संवाद कार्यक्रम में भी कृषि मंत्री लालचंद कटारिया का राजस्थानी साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया। इस मौके पर पंचायत समिति प्रधान सोहन ढि़ल, पीसीसी प्रभारी फूसाराम गोदारा, श्रवण तंवर, भादरा पंचायत समिति प्रधान अनिल औलक, बलवीर सुथार, पूर्व संसदीय सचिव जयदीप डुडी, पूर्व सांसद भरतराम मेघवाल, सुरेन्द्र दादरी, हनुमानगढ़ नगर परिषद के सभापति गणेश बंसल, महंत रूपनाथ, उप प्रधान रामकुमार सैनी, बहादुरराम गोस्वामी, निरंजन गोल्याण, एडवोकेट बाबूलाल चाचाण, मुकेश मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी के कार्यकर्ता व नोहर-भादरा क्षेत्र के किसान उपस्थित थे।