कलेक्टर सभागार में विभागीय बैठक में नोहर विधायक अमित चाचाण ने नहरी पानी चोरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वे बैठक में एक ही मांग कर रहे हैं। और वह है नहरी पानी चोरों के खिलाफ ठोस कार्रवाई।
उन्होने कहा कि नोहर के 27 गांवों में नहरी पानी चोरी के चलते टेल तक पानी नहीं पहुंच पा रहा। पानी माफिया 10 इंच की पाइप लाइनों के जरिए हरियाणा भेजकर पानी बेच भी रहे हैं।उन्होने बताया कि जब वो खुद पानी चोरी रोकने को लेकर नहर किनारे धरने पर बैठे रहे तो पानी टेल तक पहुंच गया। अब फिर पानी की चोरी जारी है। विधायक चाचाण ने पानी चोरी रोकने को लेकर थाने की स्थापना की मांग भी की। अन्यथा आरएसी की कंपनी लगाने की बात कही। जिला प्रभारी मंत्री ने इसे अत्यंत गंभीरता से लेते हुए प्रशासन, पुलिस और सिंचाई विभाग को संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए पानी चोरी की पाइप लाइन उखाड़ने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही अगली बारी आने तक सघन पेट्रोलिंग और नहरों की सिल्ट निकालने के भी सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता को निर्देश दिए। नोहर प्रधान ने पानी चोरों के खिलाफ धारा 379 के तहत मुकदमे दर्ज करने की मांग करते हुए कहा कि जब तक पानी चोरों की बारी नहीं कटेगी । तब तक इस समस्या का हल नहीं निकल पाएगा।