गुगल मीट द्वारा शिक्षक संवद्र्धन कार्यक्रम का आयोजन
नोहर,22 दिसम्बर। स्थानीय स्थानीय नर्बदा देवी बिहाणी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नोहर एवं राजकीय नेशनल महाविद्यालय सिरसा के संयुक्त तत्वावधान में गुगल मीट द्वारा शिक्षक संवद्र्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र के मुख्य वक्ता के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य एम. पी. काला ने अपने उद्बोधन में सर्वप्रथम राजकीय नेशनल महाविद्यालय सिरसा के प्राचार्य डॉ. संदीप गोयल एवं उनकी सम्पूर्ण टीम को साधुवाद दिया। उन्होंने बताया कि कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौर में समय की मांग के अनुसार बहुत ही ज्वलंत एवं आवश्यक विषय ‘गुगल मीट के द्वारा ऑनलाईन शिक्षा’ को चुना। नि:सन्देह यह विषय आज के समय में अतिमहत्वपूर्ण एवं प्रासंगिक है। उन्होंने राजकीय नेशनल महाविद्यालय, सिरसा के डॉ. नवीन कुमार एवं महाविद्यालय के डॉ. संजीव कुमार बंसल का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इनके अथक प्रयासों से ही इस प्रकार का आयोजन संभव हो पाया है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से शैक्षणिक संस्थाओं के विद्वजनों को सीखने का अवसर मिलेगा और साथ ही शिक्षकों से जुड़े अनेक विद्यार्थियों को इससे लाभ होगा। प्राचार्य ने बताया कि आज इन्टरनेट का जमाना है और लगभग सभी कार्य इन्टरनेट के उपयोग से ही सम्पन्न हो रहे हैं। गुगल सुईट गैर लाभकारी संस्थाओं के प्रबन्धन के लिए सरल समाधान है। आज के इस साइबर हैकिंग के कारण होने वाले खतरों को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट एवं सुरक्षित एप्लीकेशन इस्तेमाल करने की आवश्यकता है।
इस कार्यक्रम में कुल 154 प्रतिभागियों ने पंजीकरण करवाया है तथा 72 प्रतिभागी ऑनलाईन मीटिंग में उपस्थित रहे। तीन दिवसीय यह कार्यक्रम 24 दिसम्बर तक चलेगा। प्रथम दो दिवसों में कुल 2-2 एवं अन्तिम दिवस कुल 4 तकनीकी सत्र होगें। अन्त में प्राचार्य श्री काला ने जुड़े हुए समस्त प्रतिभागियों, तकनीकी विषय विशेषज्ञों एवं दोनों महाविद्यालय के समस्त आयोजकों एवं प्रबंधकों का आभार व्यक्त किया।




