नोहर,19 दिसम्बर। कस्बें के विभिन्न वार्डो में सडक़ों के अलावा विभिन्न विकास कार्य युद्धस्तर पर जारी है। शनिवार को विधायक अमित चाचाण ने विभिन्न वार्डो में करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली एक दर्जन से अधिक सडक़ों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। विभिन्न वार्डो में विधायक अमित चाचाण का वार्डवासियों द्वारा स्वागत भी किया गया। इस अवसर पर विधायक अमित चाचाण ने कहा कि कस्बें का कोई भी वार्ड सडक़ से वंचित नही रहने दिया जाएगा। इसके अलावा कस्बें के सौन्दर्यकरण को बढ़ावा देने के लिये भी विभिन्न कार्य किये जा रहे है। विधायक अमित चाचाण ने राजकीय चिकित्सालय में 6 लाख की लागत से बनने वाली इंटरलॉक सडक़, बिहाणी स्टेडियम में 12 लाख की लागत से बनने वाली इंटरलॉक सडक़, वार्ड नं. 17 में 10 लाख की लागत से बनने वाली सडक़ के अलावा वार्ड नं. 30 प्रौफेसर कॉलोनी में 51 लाख की लागत से बनने वाली विभिन्न इंटरलॉकिंग सडक़ों के कार्य का शुभारंभ किया। इसके अलावा वार्ड नं. 6 रामा सब्जी मंडी के पास 9 लाख 46 हजार रुपये की लागत से बनने वाली सडक़ व पंचायत समिति के समीप 10 लाख की लागत से बनने वाली सीसी सडक़ के कार्य का शुभारंभ किया। वही वार्ड नं. 1 दुर्गा कॉलोनी में करीब 25 लाख की लागत से बनने वाली तीन इंटरलॉकिंग सडक़ों व श्रीशनि देव मन्दिर से बिहाणी चौक तक सडक़ के दोनो तरफ 9 लाख 50 हजार की लागत से बनने वाली इंटरलॉकिंग सडक़ के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
करीब 20 करोड़ रुपये के हो रहे है कार्य
कस्बें में नगर पालिका द्वारा पिछलें चार माह में विभिन्न विकास कार्यो के करीब 20 करोड़ रुपये के टैण्डर लगाये जा चुके है। जिनमें से अधिकांश के कार्य पूरे हो चुके है। विकास कार्यो में सडक़ों के अलावा पार्को के सौन्दर्यकरण, नगर पालिका के भवन का नवनिर्माण ,चौक निर्माण, हाईमास्क लाईटे लगाने सहित विभिन्न विकास कार्य करवाये जा रहे है। विकास कार्यो के संबंध में करीब 4 माह पूर्व विधायक अमित चाचाण ने पालिका ई.ओ. को कस्बें में सम्पूर्ण विकास कार्यो के संबंध में निर्देश देते हुए विकास कार्यो के टैण्डर लगाने के निर्देश दिये थे।
आवागमन होगा सुगम
कस्बें कि मुख्य सडक़ों के अलावा विभिन्न वार्डो में सडक़ों का निर्माण होने से जहां कस्बें के सौन्दर्यकरण को बढ़ावा मिलेगा वही लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। कस्बें के समस्त वार्डो में सडक़ों का जाल बिछाया जा रहा है।
हाईमास्क लाईटो से जगमगायेगा कस्बा
कस्बें में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर हाईमास्क लाईटे लगाई जा रही है। हाईमास्क लाईटो से कस्बा दुधिया रौशनी से जगमगायेगा। विभिन्न स्थानों पर हाई मास्क लाईटे लगाने का कार्य प्रारंभ हो चुका है। कस्बें में टेगोर चौक, बिहाणी चौक, रेलवे स्टेशन, भगतसिंह चौक, महावीर पार्क, मड़दा पार्क, श्रीराम वाटिका पार्क, बिहाणी स्टेडियम, श्रीज्ञान मन्दिर विद्यालय के पास चौक, अरडक़ी बस स्टेण्ड, विधुत विभाग कार्यालय के समीप चौक, पुराना सोनड़ी बस स्टेण्ड, नगर पालिका, एलआईसी तिराहा, शिवाजी बस स्टेण्ड, साहवा बाईपास तिराहा, चक राजासर तिराहा आदि स्थानों पर हाईमास्क लाईटे लगाई जाएगी।

