किसानो ने रबी फसल खराबा 2019-20 पीएमएफबीवाई के अंतर्गत बीमा क्लेम दिलाने की मांग की

नोहर,31 दिसम्बर।  क्षेत्र के गांव ललानाबास नथवानिया के ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार के माध्यम से जिला कलेक्टर को ज्ञापन भेजकर रबी फसल खराबा 2019-20 पीएमएफबीवाई के अंतर्गत बीमा क्लेम दिलाने की मांग की है। सोमवार को गांव के ग्रामीण यहां एकत्रित हुये। जहां उन्होंने नायब तहसीलदार को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में बताया गया है कि ललाना बास नथवानिया के किसानों का विभिन्न बैंको एसबीआई,पीएनबी, आरएमजीबी, आईसीआईसीआई आदि में केसीसी खाते है। इन खाताधारकों का रबी फसल खराबा वर्ष 2019-20 का फसल बीमा प्रीमियम की गई फसल के हिसाब से पूर्ण प्रीमियम कटा हुआ है। फसल बीमा कम्पनी को सरकार ने अपनी हिस्सेदारी भी पूर्ण रूप से भरी गई है। रबी फसल 2019-2020 में ओलावृष्टि से 4 फरवरी व 6 फरवरी 2020 को भंयकर रूप से फसल खराब हो जाने का मुआयना 5 फरवरी को हल्का पटवारी व कृषि पर्यवेक्षक , कृषि अधिकारी नोहर व संबंधित बीमा कम्पनी के अधिकारियों के द्वारा समय रहते किया गया था। उसके बाद में भी फसल कटाई के समय उक्त अधिकारियों के द्वारा क्रॉप कटिंग के समय मुआयना किया गया था। परन्तु फसल बीमा कम्पनी के द्वारा उनकी खराब हुई फसल के खराबा का क्लेम नही किया गया है। कम्पनी द्वारा नाममात्र का क्लेम 5-6 हजार रुपये प्रति हैक्टेयर का दिया गया है। जोकि पर्याप्त नही है। ज्ञापन में बताया कि भादरा क्षेत्र में प्रति हैक्टेयर 35-40 हजार रुपये प्रति हैक्टेयर के हिसाब से क्लेम दिया गया है। ज्ञापन में भादरा क्षेत्र के हिसाब से फसल बीमा क्लेम दिलवाये जाने की मांग की है। इस मौके पर देवीलाल न्योल, राजेन्द्रसिंह, मोहरसिंह, प्रतापसिंह सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।