हनुमानगढ़, सर्दी और शादियों के इस सीजन में कोरोना के बढ़ते प्रभाव के रोकथाम को लेकर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग जयपुर से भेजी गई कोरोना रोकथाम प्रचार सामग्री का सोमवार को जिला कलक्टर जाकिर हुसैन, एडीएम अशोक असीजा, सीईओ जिला परिषद परशुराम धानका ने विमोचन किया।
इस दौरान समाज कल्याण अधिकारी डॉ अभिषेक, सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई भी उपस्थित रहे। इस दौरान जिला कलक्टर जाकिर हुसैन और एडीएम अशोक असीजा ने कलेक्ट्रेट परिसर में कोरोना रोकथाम प्रचार प्रसार के पोस्टर भी चिपकाए। जिला कलक्टर ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग जयपुर की ओर से लोगों को कोरोना से बचाव को लेकर जो प्रचार प्रसार सामग्री भेजी गई है। उसे जिले भर में लगवाया जाएगा। जिला मुख्यालय पर सभी कार्यालयों पर इसे चस्पा किया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होने बताया कि सर्दी और शादियों के इस सीजन में कोरोना केसेज बढ़ने की संभावना है
लिहाजा इसे नियंत्रण करने के लिए प्रचार प्रसार सामग्री को सभी सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा करने के साथ साथ सरकार की ओर से शादी और मास्क को लेकर जो नई गाइडलाइन जारी की गई है। उसकी कठोरता से पालना सुनिश्चित की जाएगी। उन्होने बताया कि शादियों के लिए सरकार ने 100 लोगों की जो गाइडलाइन तय की है। इसका लोग उल्लंघन ना करें अन्यथा अब 25 हजार रूपए जुर्माना भरना होगा। साथ ही सभी लोग मास्क जरूर लगाएं। अन्यथा सरकार के नई गाइडलाइन के अनुरूप 500 रूपए जुर्माना भरना होगा। जिला कलक्टर ने सभी एसडीएम को उनके क्षेत्र के सभी मैरीज पैलेस मालिकों को इस बाबत पाबंद करने के निर्देश दिए कि उनके मैरीज पैलेस में शादी के दौरान 100 से ज्यादा लोग ना हों।



