शुरू हुआ ‘शुद्ध के लिए युद्ध’-मिलावटखोरों के विरूद्ध शुरू हुइ कार्रवाई, पहले दिन जिला मुख्यालय पर सैंपल लिए

श्रीगंगानगर। (नरेश पारीक ) चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर रघु शर्मा ने कहा कि सोमवार से प्रदेश में शुरू हुए ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान में मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्यौहारी सीजन में दूध से बने पदार्थों में मिलावट की शिकायतें बढ़ती हैं, लिहाजा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देशानुसार प्रदेशभर में अभियान की शुरुआत की गई है। श्रीगंगानगर जिले में भी सोमवार से यह अभियान शुरू हुआ और पहले दिन तीन संस्थानों से चार सैंपल लिए।
अभियान के जिलास्तरीय नोडल अधिकारी एवं जिला कलेक्टर महावीर प्रसाद वर्मा के निर्देशानुसार टीम गठित कर सैंपलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सीएमएचओ डॉ. गिरधारी मेहरड़ा ने बताया कि टीम में एसडीएस उम्मेदसिंह रतनु, डीएसओ राकेश कोनी, तहसीलदार संजय अग्रवाल, एफएसओ मदनलाल, ईओ सुरेश कुमार व राकेश सचदेवा आदि शामिल रहे। सोमवार को विभागीय टीम ने बीकानेर मावा भंडार, श्रीकोल्ड स्टोर एवं श्रीमल कोल्ड स्टोर का निरीक्षण किया। टीम ने जैन कुल्फा एण्ड स्वीट्स से मिल्क केक, बीकानेर डेयरी से मावा व पनीर और राजा डेयरी से घी का सैंपल लिया। डॉ. मेहरड़ा ने बताया कि अभियान में मिलावट की सही सूचना देने वालों को राज्य सरकार की ओर से 51 हजार रुपए के ईनाम की घोषणा की गई है। साथ ही सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम भी गुप्त रखा जाएगा। जिलास्तर पर गठित कंट्रोल रूम नंबर 0154-2445071 पर इस संबंध में शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। सोमवार को भी शिकायत दर्ज हुई। अभियान के तहत मंगलवार को भी कार्रवाई की जाएगी, जो आगामी 14 नवंबर तक लगातार जारी रहेगी।