श्रीगंगानगर: ( नरेश पारीक ) भगवान वाल्मीकि पावन प्रकट दिवस के उपलक्ष्य इन्द्रा चौक पर लगाए गए फ्लैक्स को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा फाडऩे से वाल्मीकि समाज में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज तथा वाल्मीकि समाज के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय संचालक मदन सिरसवाल, जिलाध्यक्ष अनिल धारीवाल तथा जिला वाल्मीकि सभा के पूर्व अध्यक्ष समीर वाल्मीकि के नेतृत्व में इन्द्रा चौक पर जोरदार नारेबाजी कर इस घटना पर रोष व्यक्त किया तथा कहा कि किसी भी स्थिति में भगवान वाल्मीकि का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष अनिल धारीवाल तथा जिला वाल्मीकि सभा के पूर्व अध्यक्ष समीर वाल्मीकि ने बताया कि गत रात्रि इन्द्रा चौक पर भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस उपलक्ष्य लगाए गए पोस्टरों को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा समाज में विद्वेष फैलाने के लिए फाड़ दिया गया, जिससे वाल्मीकि समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है। भगवान वाल्मीकि वाल्मीकि समाज के आराध्य हैं तथा वाल्मीकि समाज की भगवान वाल्मीकि में अगाध श्रद्धा है। ऐसी घटना को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज तथा वाल्मीकि समाज के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस घटना के दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर यूनियन अध्यक्ष उमेश वाल्मीकि तथा जिलाध्यक्ष दीपक चांवरिया ने भी इस घटना को असहनीय बताते हुए कड़ी निंदा की है तथा पुलिस से शीघ्रताशीघ्र कड़ी कार्यवाही करने की माँग की है, ताकि समाज में व्याप्त आक्रोश शांत हो सके तथा भविष्य में कोई ऐसी घटना करने की हिम्मत ना कर सके।
अनिल धारीवाल तथा समीर वाल्मीकि ने बताया कि जवाहरनगर पुलिस थाना ने इस मामले की गम्भीरता को देखते हुए कहा कि पुलिस इन्द्रा चौक के आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों से इस घटना की जाँच कर रही है तथा इस घटना के दोषी असामाजिक तत्वों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही का विश्वास दिलाया। इस अवसर पर राष्ट्रीय संचालक मदन सिरसवाल, जिलाध्यक्ष अनिल धारीवाल, जिला वाल्मीकि सभा पूर्व अध्यक्ष समीर वाल्मीकि, अखिल भारतीय सफाई मजदूर यूनियन अध्यक्ष उमेश वाल्मीकि, जिलाध्यक्ष दीपक चांवरिया, बिरजू द्राविड़, सुरेश लोट, अमन वाल्मीकि, सिकंदर टाक, बंटी भाटिया वाल्मीकि, अरूण भाटिया, रोहित धारीवाल सहित भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज तथा वाल्मीकि समाज के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे!

