अन्य राज्यों व जिलों से आने वाली बसों के यात्रियों को उतारने के स्थान निर्धारित

श्रीगंगानगर (नरेश पारीक) । कोविड-19 संक्रमण एवं बचाव के लिए जिला परिवहन कार्यालय में चिकित्सा विभाग एवं निजी, लोक परिवहन बस संचालकों की बैठक का आयोजन किया गया।  बैठक में अन्य जिलों, राज्यों से आने वाली बसों के ड्राॅप प्वाईंट (यात्रियों को उतारने के स्थान) निर्धारित किये गये।  
 जिला परिवहन अधिकारी अधिकारी सुमन डेलू ने बताया कि श्रीगंगानगर में आने वाले यात्रियों को कोडा चैक पर, रायसिंहनगर के यात्रियों को रायसिंहनगर में अण्डरब्रिज के पास पैट्रोल पम्प, सूरतगढ के यात्रियों को सूरतगढ में पुराने बस स्टैण्ड, घडसाना के यात्रियों को घडसाना में बस स्टैण्ड चैक पर एवं अनूपगढ के यात्रियों को अनूपगढ में रेलवे स्टेशन के नजदीक स्थित सिनेमा के पास ही उतारा जायेगा और इसके अतिरिक्त यात्रियों को किसी भी अन्य स्थान पर नहीं उतारने हेतु पाबन्द किया गया है।
बैठक में यह भी निर्धारित किया गया कि निजी बस संचालकों द्वारा अन्य जिलों,राज्यों से श्रीगंगानगर आने वाले यात्रियों की सूची तैयार कर परिवहन विभाग, चिकित्सा विभाग को जरिये ईमेल उपलब्ध करवाई जायेगी, जिससे निजी बसों के माध्यम से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग निर्धारित ड्राॅप स्थल पर चिकित्सा विभाग द्वारा की जा सके।
बैठक में परिवहन निरीक्षक श्री मनीष चुघ, परिवहन उपनिरीक्षक श्री आदित्य, चिकित्सा विभाग से कोविड-19 प्रभारी डाॅ0 एच. एस. बराड, डाॅ0 करण आर्य, निजी बस संचालकों के प्रबन्धकों ने भाग लिया।