पीएनबी ने सीएसआर गतिविधि के तहत भेंट किए मास्क एवं सैनिटाइजर

श्रीगंगानगर, ( नरेश  पारीक) पंजाब नैशनल बैंक ने कलेक्ट्रेट परिसर श्रीगंगानगर में जरूरतमंदों को सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करते हुए मास्क एवं सेनिटाईजर भेंट किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर श्री महावीर प्रसाद वर्मा थे एवं अध्यक्षता पंजाब नैशनल बैंक के मंडल प्रमुख  राजिन्द्र मोहन शर्मा ने की।जिला कलक्टर महावीर प्रसाद वर्मा ने इस मौके पर सभी से कोविड-19 पर सरकार की गाईड लाईन की सख्ती से पालना करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बैंकर्स अपनी बैंक शाखाओं में गाईडलाईन की पालना करने के साथ-साथ आमजन को सार्वजनिक स्थलों पर मास्क का उपयोग करने, सामाजिक दूरी की पालना करने तथा बार-बार साबुन से हाथ धोने की आदत डालना तथा सार्वजनिक स्थलों पर थूकना प्रतिबंधित है, की जानकारी दी जाये। उन्होंने कहा कि आमजन को यह जानकारी दी जाये कि अतिआवश्यक होने पर घर से बाहर निकलें, भीड़ वाले क्षेत्र में जाने से बचें तथा वृद्धजन व बच्चों को घर पर रहने की सलाह देकर आमजन को जागरूक करें। राजिन्द्र मोहन शर्मा ने कहा कि पंजाब नैशनल बैंक यहां अग्रणी जिला के रूप में कार्य कर रहा है एवं समय-समय पर विभिन्न सामाजिक सरोकार गतिविधियां आयोजित करता है। आज अखिल भारतीय स्तर पर जरूरतमंदों को मास्क एवं सेनिटाईजर भेंट किए गए है। शर्मा ने कहा कि श्रीगंगानगर में आरसेटी (स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान) भी है, जिसमें कम्प्यूटर, सिलाई, महिला ड्रेस डिजाईनिंग, ब्यूटी पार्लर इत्यादि का निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। इस अवसर पर जिला अग्रणी प्रबंधक श्री सतीश जैन एवं अन्य पीएनबी स्टाॅफ सदस्य मौजूद रहे।